CNIN News Network

छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के सपनों को मिलेंगे अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक पहुंचने के पंख : साय

29 Nov 2026   19 Views

छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के सपनों को मिलेंगे अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक पहुंचने के पंख : साय

Share this post with:

00 मुख्यमंत्री ने किया जोहार एडु-सैट परियोजना का शुभारंभ, जशपुर के 50 चयनित विद्यार्थी तैयार कर रहे अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड
00 जनजातीय अंचल के विद्यार्थी अब अंतरिक्ष विज्ञान की अत्याधुनिक तकनीकों से होंगे रूबरू
00 जिला प्रशासन की अभिनव पहल, अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग और आईडीवाईएम फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन से साकार हो रही परियोजना
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निज निवास में महत्वाकांक्षी जोहार एडु-सैट परियोजना का शुभारंभ किया। इस अभिनव पहल के माध्यम से जशपुर के 50 चयनित विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान की अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड विकसित कर रहे हैं। जिला प्रशासन जशपुर की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग और इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड्स (आईडीवाईएम) फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में क्रियान्वित किया जा रहा है।
साय ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन, सहयोगी संस्थाओं और विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जशपुर जैसे जनजातीय बहुल अंचल के विद्यार्थियों का अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढऩा पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि हमारे ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। जोहार एडु-सैट जैसी पहल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को नई पहचान देने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगी। साय ने कहा कि आज का युग विज्ञान, तकनीक और नवाचार का युग है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। देश की इस गौरवशाली यात्रा से छत्तीसगढ़ के दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों का जुडऩा अत्यंत उत्साहजनक है। हमारी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर बच्चे को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि जशपुर के बच्चों की यह पहल आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जिलों के विद्यार्थियों को भी विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगी।
अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियां सीख रहे जशपुर के विद्यार्थी
जिला प्रशासन जशपुर द्वारा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए लगातार नवाचारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अंतरिक्ष ज्ञान अभियान, रोबोटिक्स कार्यशाला, रॉकेट्री कार्यशाला, सैटेलाइट प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों की अगली कड़ी के रूप में जोहार एडु-सैट परियोजना प्रारंभ की गई है। इसके अंतर्गत जिले के 50 चयनित विद्यार्थी सैटेलाइट इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कोडिंग, रेडियो संचार और अंतरिक्ष तकनीक की बारीकियां सीख रहे हैं। विद्यार्थियों को इसरो के सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों और अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी प्राप्त हो रहा है। परियोजना के तकनीकी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी आईडीवाईएम फाउंडेशन निभा रहा है, जो इसरो में पंजीकृत स्पेस ट्यूटर संस्था है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक एमेच्योर रेडियो सैटेलाइट पेलोड के डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अंतरिक्ष से संदेश प्रसारित करने की तैयारी, जशपुर में स्थापित हुआ ग्राउंड स्टेशन
जोहार एडु-सैट परियोजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे सैटेलाइट पेलोड का प्रक्षेपण इसरो के कविता/मुस्कान प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रस्तावित है। इसका संभावित प्रक्षेपण अप्रैल 2027 में निर्धारित किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य विद्यालयों द्वारा भेजे गए संदेशों को अंतरिक्ष से प्रसारित करना है। इसके लिए जशपुर में यूएचएफ ग्राउंड स्टेशन भी स्थापित किया गया है, जिसकी सहायता से सैटेलाइट को ट्रैक करने, अंतरिक्ष से प्राप्त डेटा को ग्रहण करने और उसे डिकोड करने का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को दिया जाएगा।
सपनों से आगे बढ़कर तकनीक को समझने और विकसित करने की दिशा में बढ़ रहे विद्यार्थी
आईडीवाईएम फाउंडेशन के प्रतिनिधि श्री शिव सिंह भदौरिया ने बताया कि इस परियोजना से जशपुर के विद्यार्थियों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण में उल्लेखनीय सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। पहले विद्यार्थी अंतरिक्ष और सैटेलाइट के बारे में केवल कल्पना करते थे, लेकिन अब वे स्वयं तकनीक को समझने और उसके व्यावहारिक उपयोग की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी अब यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि सैटेलाइट किस प्रकार कार्य करता है, अंतरिक्ष में सिग्नल कैसे भेजे जाते हैं और वहां से संदेश एवं डेटा कैसे प्राप्त होते हैं। वास्तविक उपकरणों और तकनीकी प्रक्रियाओं से जुडऩे के कारण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।
जनजातीय अंचल से अंतरिक्ष तक नई संभावनाओं का विस्तार
जोहार एडु-सैट परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि जनजातीय बहुल जशपुर जिले के विद्यार्थी अब अंतरिक्ष विज्ञान के केवल अध्ययन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि वास्तविक अंतरिक्ष मिशन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं में भी भागीदारी करेंगे। यह पहल विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराएगी। साथ ही ग्रामीण और जनजातीय अंचलों में विज्ञान के प्रति नई रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोडऩे की दिशा में जोहार एडु-सैट एक महत्वपूर्ण पहल है, जो जशपुर के विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने के साथ छत्तीसगढ़ में वैज्ञानिक प्रतिभाओं की नई पीढ़ी तैयार करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web