CNIN News Network

छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी के स्वागत कार्यक्रम में पाकेटमारी के शिकार हुए कांग्रेसी

07 Oct 2026   11 Views

छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी के स्वागत कार्यक्रम में पाकेटमारी के शिकार हुए कांग्रेसी

Share this post with:


कांकेर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत बुधवार को कांकेर प्रवास पर रहे। यहां उनके पहुंचने पर स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में भीड़ का फायदा उठाकर पाकेटमारों ने कांग्रेस के मंडल प्रभारी, सेक्टर प्रभारी, बूथ प्रभारी सहित लगभग 12-13 कार्यकर्ताओं के पर्स एवं जेब पर हाथ साफ कर दिया। कुल 40 हजार रुपये से अधिक की नकदी की चोरी होने का दाव किया जा रहा है। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांकेर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब कार्यक्रम स्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अपने नेताओं के स्वागत के लिए मौजूद थे। इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर पाकेटमारों ने एक के बाद एक कई लोगों को निशाना बनाया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब कार्यकर्ताओं ने अपनी जेब और पर्स की जांच की तब चोरी का पता चला।
कांग्रेस के आमोड़ा मंडल अध्यक्ष कमलेश कोमरा ने बताया कि वे तीन गाडिय़ों में करीब 20-25 कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे थे। भीड़ के दौरान उनका पर्स चोरी हो गया, जिसमें करीब 05 हजार रुपये नकद के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और परिवार से जुड़े जरूरी दस्तावेज थे। उन्होंने कहा कि नकदी चोरी होने का उतना दुख नहीं है, लेकिन जरूरी दस्तावेज चोरी होने से परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी पार्टी के कार्यक्रम होने हैं, इसलिए ऐसे आयोजनों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होने बताया कि मेरे अलावा करीब 12 से 13 लोगों के साथ पर्स चोरी की वारदात हुई है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web