CNIN News Network

ग्रामीणों की सूचना पर सुरक्षाबलों ने बरामद किया प्रेशर बियर बॉटल आईईडी

05 Sep 2026   13 Views

ग्रामीणों की सूचना पर सुरक्षाबलों ने बरामद किया प्रेशर बियर बॉटल आईईडी

Share this post with:


बीजापुर। जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र अंत्रर्गत ग्राम बंदेपारा और पेगड़ापल्ली के ग्रामीण जंगल में पुटू (मशरूम) एकत्र करने गए थे। इसी दौरान आज शनिवार को उन्हें जमीन पर बिछा संदिग्ध वायर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने बिना छेड़छाड़ किए तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। 
सूचना मिलते ही थाना मद्देड़ पुलिस, सीआरपीएफ 22वीं वाहिनी ए कंपनी संगमपल्ली और बीडीएस टीम मौके पर पहुंचकर नक्सलियों द्वारा लगाया गया पुराना प्रेशर बियर बॉटल आईईडी बरामद करने के बाद आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल या सड़क किनारे कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो उसे न छुएं और तत्काल पुलिस को सूचना दें। मद्देड़ थाना के सहायक उपनिरीक्षक सुरेश जब्बा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि थाना मद्देड़ पुलिस की टीम के साथ मै स्वयं संयुक्त टीम में शामिल था। इसके अलावे इस कार्यवाही में सीआरपीएफ 22वीं वाहिनी ए कंपनी संगमपल्ली के सहायक कमांडेंट मनोज कुमार और बीडीएस की टीम शामिल रहे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुछ ग्रामीण स्थानीय जंगल में पुटू (मशरूम) एकत्र करने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान उनकी नजर जमीन पर बिछे एक संदिग्ध तार पर पड़ी। क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीणों को तार के आईईडी से जुड़े होने का संदेह हुआ। ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए संदिग्ध तार या उसके आस-पास मौजूद किसी वस्तु को हाथ नहीं लगाया। वे उससे सुरक्षित दूरी पर चले गए और इसकी सूचना तत्काल पुलिस और सुरक्षाबलों को दी गई। ग्रामीणों की यही सतर्कता एक बड़े खतरे को टालने में महत्वपूर्ण साबित हुई। 
बीजापुर पुलिस ने नागरिकों और ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी भी जारी कर अपील में कहा कि जंगल,पगडंडी, खेत या सड़क किनारे संदिग्ध तार, गड्ढा, टिफिन, कंटेनर या कोई अज्ञात लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसे बिल्कुल न छुएं और उसके नजदीक जाने से बचें। ऐसी किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को देने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना किसी बड़े हादसे को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web