Share this post with:
जगदलपुर। गौ सेवा, गौ रक्षा एवं गौ संवर्धन के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण की तैयारी के लिए बस्तर संभाग स्तरीय बैठक का आयोजन रविवार को जगदलपुर के कुम्हारपारा स्थित माहेश्वरी भवन में किया गया। आज की बैठक में गोपाल नंद सरस्वती के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में बस्तर संभाग के सातों जिलों से 300 से अधिक गौसेवक एवं अभियान के कार्यकर्ता उपस्थित हुए।
बैठक में गौमाता की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए देश भर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ मंत्रालय का गठन करने तथा गौमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक दर्जा दिलाने की मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, अभियान के आगामी चरण की रूपरेखा तैयार करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोडऩे और हस्ताक्षर अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर चर्चा की गई।
तीन चरणों में देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान
बैठक में जानकारी दी गई कि गौ सम्मान आह्वान अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को पूरे भारत वर्ष से लगभग 5.25 करोड़ हस्ताक्षर सौंपे गए। इसके पश्चात दूसरे चरण में देशभर से 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर सौंपे जाने की जानकारी दी गई। अब अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत पूरे भारतवर्ष से लगभग 31 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन हस्ताक्षरों के माध्यम से गौमाता की सुरक्षा, सम्मान एवं संवर्धन से संबंधित मांगों को व्यापक जनसमर्थन के साथ शासन-प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम 2,100 हस्ताक्षर का लक्ष्य
अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत देशभर की प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम 2,100 हस्ताक्षर एकत्रित करने का आह्वान किया गया है। इसके लिए गांव-गांव में जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान चलाकर अधिक से अधिक नागरिकों को गौमाता की सुरक्षा एवं सम्मान के इस अभियान से जोडऩे की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
17 दिसंबर को रायपुर पहुंचने का आह्वान
आगामी 17 दिसंबर 2026 को रायपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक गौसेवकों एवं कार्यकर्ताओं को पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। अभियान के अंतर्गत एकत्रित हस्ताक्षरों एवं मांगपत्र को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राज्य सचिवालय के माध्यम से देश के मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों, माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत करने की योजना है।
Share this post with:
24 Oct 2026 59 Views
23 Oct 2026 49 Views
23 Oct 2026 66 Views
23 Oct 2026 49 Views