CNIN News Network

गूगल मैप के भरोसे तालाब की मेड़ तक पहुंची कार, चालक सुरक्षित

27 Oct 2026   5 Views

गूगल मैप के भरोसे तालाब की मेड़ तक पहुंची कार, चालक सुरक्षित

Share this post with:

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। तकनीक पर आंख मूंदकर भरोसा करना कभी-कभी मुसीबत का कारण बन सकता है। ऐसा ही एक मामला मरवाही के निमधा गांव में सामने आया, जहां गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए एक कार चालक तालाब की मेड़ तक पहुंच गया। गनीमत रही कि कार तालाब में गिरने से पहले ही मेड़ पर फंस गई और चालक सुरक्षित बच निकला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरजपुर निवासी 52 वर्षीय नौसाद अली किसी काम से निमधा गांव आए हुए थे। यहां से उन्हें पेंड्रा जाना था। वे अकेले कार चला रहे थे, इसलिए रास्ता जानने के लिए उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया। मैप में बताए गए रास्ते के अनुसार वे कार आगे बढ़ाते रहे। इसी दौरान उनकी कार एक संकरे रास्ते से होते हुए निमधा गांव के सकरा तालाब की मेड़ तक पहुंच गई। जब तक नौसाद अली को स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ, उनकी कार तालाब की मेड़ में फंस चुकी थी। इसके बाद वे किसी तरह कार से उतरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। यदि कार थोड़ी और आगे बढ़ जाती, तो वह मेड़ से फिसलकर तालाब में गिर सकती थी। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, गनीमत रही कि कार मेड़ में ही फंस गई और चालक की जान बच गई। इस घटना ने एक बार फिर गूगल मैप जैसे नेविगेशन ऐप पर पूरी तरह निर्भर रहने के जोखिम को उजागर किया है। अनजान रास्तों पर सफर करते समय मैप के निर्देशों के साथ सड़क की वास्तविक स्थिति पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web