CNIN News Network

गुरुनानक जयंती पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने लगाया जनहितकारी शिविर, 100 से अधिक अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र वितरित

24 Nov 2026   18 Views

गुरुनानक जयंती पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने लगाया जनहितकारी शिविर, 100 से अधिक अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र वितरित

Share this post with:


00 आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एवं अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र बनाने और पंजीयन की मिली सुविधा, 500 से अधिक लोगों ने कराया पंजीयन
रायपुर। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राजधानी रायपुर में गुरुनानक जयंती का पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में गुरुनानक नामलेवा संगत ने गुरु घर की खुशियों में सहभागिता की। मुख्य आयोजन खालसा स्कूल में संपन्न हुआ, जहां प्रसिद्ध कीर्तनी जत्थों ने शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की अल्पसंख्यक हितैषी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एवं अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र बनाने तथा वितरण हेतु विशेष शिविर लगाया गया। सुबह 10 बजे से ही शिविर में लोगों की भीड़ उमडऩे लगी। शिविर में आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताएं पूरी कर लोगों को सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पात्र हितग्राहियों के अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र तत्काल बनाकर वितरित किए गए, वहीं आयुष्मान कार्ड एवं आधार कार्ड से संबंधित प्रक्रियाएं भी पूरी कराई गईं।
राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व जैसे पावन अवसर पर जनहित से जुड़ी सेवाएं संगत एवं आम नागरिकों तक पहुंचाना एक सराहनीय पहल है। एक ही स्थान पर तत्काल अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के साथ आयुष्मान कार्ड एवं आधार कार्ड से संबंधित सुविधाएं प्रदान करना लोगों के लिए काफी सुविधाजनक रहा। उन्होंने कहा कि जनहित के ऐसे शिविर प्रदेश के प्रत्येक शहर में आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिविर में 100 से अधिक अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा 500 से अधिक लोगों ने विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन एवं पंजीयन कराया। इसके साथ ही अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों, हितों एवं केंद्र तथा राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाली पुस्तकों और साहित्य का भी वितरण किया गया। इस शिविर को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल की पूरी टीम ने सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोग एवं काउंसिल के सदस्यों ने शिविर में आए लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए सेवाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web