Share this post with:
बिलासपुर। मोपका बाईपास स्थित रमतला मोड़ के पास गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर और उनके दोस्त से चाकू की नोक पर लूट के मामले में कोनी थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
सेंदरी स्थित महामाया रेजीडेंसी निवासी 54 वर्षीय बसंत कुमार मेहर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उन्होंने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि शुक्रवार शाम वे अपने दोस्त सुजीत कुमार ठाकुर के साथ बाइक से घूमने निकले थे। करीब साढ़े सात बजे मोपका बाईपास की ओर जाते समय वे रास्ता भटक गए। रास्ते में दो युवकों ने उनकी बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन वे आगे निकल गए। इसके बाद रमतला मोड़ के पास उन्होंने चार युवकों से बिरकोना जाने का रास्ता पूछा। इसी दौरान युवकों ने सुजीत को बाइक से नीचे खींच लिया। इसके बाद सभी ने चाकू निकालकर दोनों को धमकाया और सामान लूट लिया। आरोपियों ने सुजीत से करीब 1,500 रुपये का कीपैड मोबाइल और 200 रुपये नकद तथा बसंत कुमार से करीब 15 हजार रुपये का सैमसंग मोबाइल और 30 रुपये नकद छीन लिए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आसपास के गांवों में पूछताछ की। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर बरपाली गांव में दबिश देकर छह आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में बरपाली निवासी राजेश सूर्यवंशी (19), दुर्गेश लोनिया (28) और दुर्गा लोनिया (19) शामिल हैं। इनके साथ तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309 (4) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है।
Share this post with:
15 Aug 2026 32 Views