CNIN News Network

गढिय़ा पहाड़ के नीचे लावारिस हालत में 280 किलो गांजा बरामद, अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़

05 Nov 2026   14 Views

गढिय़ा पहाड़ के नीचे लावारिस हालत में 280 किलो गांजा बरामद, अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़

Share this post with:


कांकेर। जिले की पुलिस ने कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंगारभाट में गढिय़ा पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर से गुरूवार को लावारिस हालत में 280 किलो गांजा की एक बड़ी खेप बरामद की है, लेकिन गांजा तस्करी के आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे संदिग्ध तस्कर पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही गांजा छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने सिंगारभाट स्थित गढिय़ा पहाड़ के पास लावारिस हालत में पड़े 280 किलो गांजा के 70 पैकेट जब्त किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को बीती देर रात सूचना मिली कि ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। तस्करों के विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते कांकेर की ओर बढऩे की जानकारी मिलने पर पुलिस सक्रिय हो गई। केशकाल पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू की और कांकेर पुलिस को भी इसकी सूचना दी। इसी दौरान एक फॉर्च्यूनर कार और उसके साथ चल रही पायलट गाड़ी टाटा वैक्सीन को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को कार से कुचलने का प्रयास भी किया। इसके बाद केशकाल से कांकेर तक लगभग 30 किलोमीटर तक पुलिस और गांजा तस्करों के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा चला, वहीं तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस द्वारा संभावित रास्तों पर घेराबंदी की गई। बताया जा रहा है कि पुलिस की गतिविधियों की भनक लगने के बाद तस्करों ने वाहन में रखी गांजे की खेप को सुनसान इलाके में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गये।
कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंगारभाट में गढिय़ा पहाड़ के पास पुलिस को आज गुरूवार सुबह लावारिस हालत में गांजे के पैकेट मिले। तलाशी और वजन के बाद इनका कुल वजन 280 किलोग्राम सामने आया। पुलिस ने गांजे को जब्त कर उसके स्रोत और संभावित खरीदारों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों की पहचान करने के लिए भी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से आने वाले तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने रास्तों को नए कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस मामले से अलग एक अन्य मामले में केशकाल पुलिस ने 4 नवंबर को भी गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा एक्सयूए-500 कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया था। इसकी अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई गई। उस मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में गांजे की बड़ी मात्रा में बरामदगी ने इस मार्ग पर सक्रिय अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की जांच को महत्वपूर्ण बना दिया है। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजा पहुंचाने वाले नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अब आरोपियों, वाहनों और संभावित आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े सुरागों की जांच कर रही है।
000

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web