CNIN News Network

खेलों में आई गिरावट को दूर करने के लिए सभी को मिलकर करना होगा प्रयास - उपमुख्यमंत्री साव

26 Sep 2026   19 Views

खेलों में आई गिरावट को दूर करने के लिए सभी को मिलकर करना होगा प्रयास - उपमुख्यमंत्री साव

Share this post with:

00 नॉर्थ ईस्ट ज़ोन लेवल-1 कोचिंग कार्यशाला संपन्न
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन द्वारा आयोजित चार दिवसीय ईस्ट एवं नॉर्थ ईस्ट ज़ोन लेवल-1 कोचिंग कार्यशाला शनिवार को संपन्न हुई। इस चार दिवसीय कार्यशाला में देश के 12 राज्यों से लगभग 55 कोचों ने भाग लिया जिसमें छत्तीसगढ़ से लगभग 8 से 10 कोच शामिल हुए। कार्यशाला में प्रशिक्षकों को तीरंदाजी की तकनीक, प्रशिक्षण पद्धति, खिलाडिय़ों की शारीरिक एवं मानसिक तैयारी तथा आधुनिक प्रशिक्षण प्रणाली के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
चार दिवसीय कोचिंग कार्यशाला के समापन अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं खेलमंत्री अरुण साव ने प्रशिक्षकों एवं तीरंदाजी से जुड़े पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रतिभाओं की धरती है, जहां खेलों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। खेलों में आई गिरावट को दूर करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने पर जोर देते हुए कहा कि खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराने होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के विकास, खेलो इंडिया योजना, आधुनिक खेल अधोसंरचना एवं ओलंपिक की तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार खिलाडिय़ों एवं प्रशिक्षकों के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कोचों को खिलाडिय़ों का मार्गदर्शक एवं अभिभावक बताते हुए कहा कि खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने में प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए तकनीकी प्रशिक्षण, मानसिक मजबूती, शारीरिक फिटनेस एवं उचित पोषण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कार्यशाला में शामिल सभी प्रशिक्षकों एवं खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कोच तथ कोलकाता स्थित साई के एचओडी गंगाधर, असम से अमरजीत दुबे, भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री कैलाश मुरारका, सुरजीत छाबड़ा, सोनू राजपूत, दुर्ग-भिलाई जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष श्री सतीश साहू , छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के महासचिव श्री आयुष मुरारका सहित, छत्तीसगढ़ के अनेक तीरंदाजी प्रशिक्षक एवं तीरंदाज विशेष रूप से उपस्थित थे।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web