CNIN News Network

कोतवाली पुलिस की गणेशोत्सव समितियों के साथ बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

13 Sep 2026   17 Views

कोतवाली पुलिस की गणेशोत्सव समितियों के साथ बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Share this post with:


जगदलपुर। जिले के थाना कोतवाली पुलिस ने गणेशोत्सव एवं विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोतवाली जगदलपुर क्षेत्र अंतर्गत समस्त गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं आयोजकों की आज रविवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक सीएसपी जगदलपुर सुमित कुमार धोत्रे की अध्यक्षता में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर की उपस्थिति में थाना कोतवाली परिसर में आयोजित हुई।
बैठक में श्रद्धा के साथ उत्सव, जिम्मेदारी के साथ आयोजन की थीम पर गणेश पंडालों एवं आगामी विसर्जन कार्यक्रमों की सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। समितियों को विशेष रूप से निम्न बिंदुओं पर आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए जिसमें - गणेश पंडालों में सीसीटीव्ही कैमरों एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना। पंडालों में फायर सेफ्टी एवं विद्युत सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध रखना। विसर्जन के निर्धारित मार्ग, समय एवं स्थल का पालन करना। विसर्जन रैली के दौरान यातायात व्यवस्था एवं आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखना। ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का संचालन प्रचलित नियमों, सक्षम प्राधिकारी के आदेशों तथा न्यायालयों द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करना। अश्लील, आपत्तिजनक एवं फूहड़ गीतों का प्रयोग नहीं करना। विसर्जन रैली के दौरान किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन, खतरनाक स्टंट अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचना। भीड़ नियंत्रण एवं आपात स्थिति के लिए समितियों द्वारा पर्याप्त संख्या में जिम्मेदार स्वयंसेवकों की नियुक्ति करना। पंडाल एवं विसर्जन मार्ग के आस-पास स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का विशेष ध्यान रखना। किसी भी अप्रिय घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देना होगा ।
बैठक में गणेश समितियों के पदाधिकारियों द्वारा नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में गणेशोत्सव मनाने तथा पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। बस्तर पुलिस की सभी गणेश उत्सव समितियों एवं आमजन से अपील है कि गणेशोत्सव को श्रद्धा, उत्साह एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web