CNIN News Network

कोंड़ागांव पुलिस ने लापता युवती को जबलपुर से सकुशल बरामद किया

01 Nov 2026   48 Views

कोंड़ागांव पुलिस ने लापता युवती को जबलपुर से सकुशल बरामद किया

Share this post with:

कोंड़ागांव। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से अचानक अपने घर से 27 अक्टूबर को लापता हुई युवती अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर कहीं चली गई थी, जिससे परिजन किसी अनहोनी या अपहरण की आशंका से परेशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोंड़ागांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी सहायता और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने युवती को मध्यप्रदेश के जबलपुर से सकुशल बरामद कर लिया। आज रविवार को उसे कोंड़ागांव लाकर आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कोंड़ागांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बाजारपारा निवासी आदित्य सिंह राठौर ने थाना कोंड़ागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके मामा की लड़की 27 अक्टूबर को दोपहर करीब 02 बजे बिना किसी को बताए घर से चली गई है। वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गई थी। परिजनों और रिश्तेदारों ने युवती की तलाश परिचितों के यहां भी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई और पुलिस से मदद मांगी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोंड़ागांव एसपी पंकज चंद्रा ने युवती की जल्द पतासाजी कर उसे सकुशल बरामद करने के निर्देश दिए। एएसपी कपिल चंद्रा और एसडीओपी रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय और डीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में कोंड़ागांव थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए तकनीकी सहायता से युवती की तलाश की। लगातार जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन मध्यप्रदेश के जबलपुर में मिली। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम जबलपुर रवाना हुई और युवती को सकुशल बरामद कर लिया। 
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह किसी अपराध का शिकार नहीं हुई थी, बल्कि पारिवारिक नाराजगी के कारण बिना बताए घर से चली गई थी। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए कोंड़ागांव पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web