CNIN News Network

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड द्वारा टैक्स ऑडिट एवं आयकर रिटर्न की अंतिम तिथियां बढ़ाने पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ने केंद्र सरकार का जताया आभार

28 Sep 2026   14 Views

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड द्वारा टैक्स ऑडिट एवं आयकर रिटर्न की अंतिम तिथियां बढ़ाने पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ने केंद्र सरकार का जताया आभार

Share this post with:

रायपुर। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) द्वारा असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए टैक्स ऑडिट रिपोर्ट और ऑडिट से जुड़े आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की अंतिम तिथियों में विस्तार किए जाने के निर्णय का छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्वागत किया है। चेम्बर ने इस व्यावहारिक व राहतकारी निर्णय के लिए माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री एवं सीबीडीटी का आभार व्यक्त किया है।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि पिछले कुछ समय से ई-फाइलिंग पोर्टल पर आ रही तकनीकी समस्याओं, अत्यधिक सर्वर लोड और भारी कार्यभार के कारण प्रदेशभर के व्यापारियों, उद्योगपतियों और कर सलाहकारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। 30 सितंबर की समय-सीमा नजदीक होने से व्यापारिक वर्ग पर भारी मानसिक दबाव बना हुआ था। चेम्बर लगातार शासन-प्रशासन के समक्ष इस व्यावहारिक कठिनाई को रखकर समय-सीमा बढ़ाने की मांग कर रहा था।
सीबीडीटी द्वारा टैक्स ऑडिट रिपोर्ट जमा करने की तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 21 अक्टूबर 2026 और ऑडिट से संबंधित आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 करने से प्रदेश सहित देशभर के लाखों करदाताओं व प्रोफेशनल्स को बड़ी राहत मिली है।
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने आगे कहा कि इस 21 दिनों के अतिरिक्त समय से व्यापारी एवं चार्टर्ड एकाउंटेंट्स बिना किसी तकनीकी हड़बड़ी के अपने खातों की जांच और सही वित्तीय जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। यह निर्णय केंद्र सरकार के 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' और करदाताओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाता है। चेम्बर परिवार सरकार के इस सकारात्मक कदम की सराहना करता है और प्रदेश के समस्त व्यापारिक वर्ग से अपील करता है कि वे इस विस्तारित समय-सीमा का लाभ उठाकर समय पर अपने कर अनुपालन पूर्ण करें।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web