Share this post with:
0-भारतमाला घोटाले से जुड़ा मामला
धमतरी-कुरुद। चर्चित भारतमाला घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। सोमवार तड़के ईडी की टीम ने धमतरी के कुरुद में भूपेंद्र चंद्राकर के ठिकानों पर छापेमारी की।इसके साथ ही जमीन कारोबारी गोपाल गांधी और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी दबिश दी गई है। यह कार्रवाई सुबह से जारी है। हालांकि अभी तक प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार सुबह तीन गाडिय़ों में 12 से अधिक ईडी के अधिकारी भूपेंद्र चंद्राकर के घर पहुंचे। टीम घर के अंदर जांच-पड़ताल कर रही है। आरोप है कि उन्होंने कथित भारतमाला घोटाले में अपने करीबियों को सिर्फ अभनपुर ही नहीं, बल्कि कयाबांधा (अभनपुर), दुर्ग, पाटन, राजनांदगांव के देवादा और मगरलोड जैसे क्षेत्रों में करोड़ों रुपए का मुआवजा दिलवाया है। इन आरोपों से संबंधित शिकायत दस्तावेजों के साथ दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर ईडी यह जांच कर रही है। इससे पहले भी ईडी ने गोपाल गांधी और उनसे जुड़े लोगों के रायपुर, अभनपुर स्थित ठिकानों पर छापेमारी कर कई अहम दस्तावेज जब्त किए थे। बता दें कि भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए जमीन अधिग्रहण में करीब 500 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले की आशंका जताई जा रही है।शुरुआती जांच में सामने आया है कि कृषि भूमि को बैकडेट में गैर-कृषि घोषित कर उसका मुआवजा कई गुना बढ़ाया गया। साथ ही एक ही खसरे की जमीन को कागजों में अलग-अलग हिस्सों में बांटकर अलग-अलग लोगों के नाम पर भुगतान किया गया। ईडी इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में छापेमारी कर करोड़ों की संपत्ति अटैच कर चुकी है। वहीं आज की कार्रवाई को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।
Share this post with:
26 Apr 2026 28 Views
26 Apr 2026 30 Views