CNIN News Network

किसी भी रूप में रैगिंग नहीं है स्वीकार्य - डॉ. अमितेश

27 Oct 2026   9 Views

किसी भी रूप में रैगिंग नहीं है स्वीकार्य - डॉ. अमितेश

Share this post with:

00 गुरुकुल महिला महाविद्यालय में एंटी रैगिंग पर जागरूकता कार्यक्रम
रायपुर। छात्राओं को रैगिंग के दुष्परिणामों, इसके विरुद्ध बनाए गए कानूनी प्रावधानों तथा महाविद्यालय परिसर में सुरक्षित, अनुशासित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुकुल महिला महाविद्यालय में एंटी रैगिंग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में डॉ. अमितेश देशमुख, हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय ने छात्राओं को रैगिंग की अवधारणा, उसके विभिन्न स्वरूपों तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन पर पडऩे वाले नकारात्मक प्रभावों के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने रैगिंग से संबंधित कानूनी प्रावधानों, विद्यार्थियों के अधिकारों एवं दायित्वों तथा ऐसी घटनाओं की शिकायत करने की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला।
डॉ. देशमुख ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि महाविद्यालय परिसर में प्रत्येक विद्यार्थी को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर प्राप्त होना चाहिए। रैगिंग किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। विद्यार्थियों को आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और अनुशासित व्यवहार के माध्यम से स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में सहभागी बनना चाहिए। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को रैगिंग के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना था। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. कविता सिलवाल ने आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्य प्रस्तुत किए। इस दौरान एंटी रैगिंग कमेटी की सदस्य डॉ. रात्रि लहरी, डॉ. वंदना अग्रवाल, डॉ. रिंकू पांडे एवं डॉ. प्रियंका तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web