CNIN News Network

कार्यालय आयुक्त सहकारिता व पंजीयक, सहकारी संस्थाएं के सब ऑडिटर के 69 पदों पर होगी भर्ती, अधिसूचना जारी

05 May 2026   4 Views

कार्यालय आयुक्त सहकारिता व पंजीयक, सहकारी संस्थाएं के सब ऑडिटर के 69 पदों पर होगी भर्ती, अधिसूचना जारी

Share this post with:


रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (सीजी व्यापम), रायपुर ने कार्यालय आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक, सहकारी संस्थाएं के अंतर्गत सब ऑडिटर (उप अंकेक्षक) के 69 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती में विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें अनारक्षित वर्ग के लिए 29, अनुसूचित जाति के लिए 8, अनुसूचित जनजाति के लिए 22 और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 10 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 22 मई की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, इसलिए उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही अपना फॉर्म भरना होगा। यदि आवेदन करते समय किसी प्रकार की त्रुटि हो जाती है, तो उसे सुधारने के लिए 23 मई से 25 मई तक करेक्शन विंडो भी उपलब्ध रहेगी। योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में मुख्य रूप से लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और अन्य आवश्यक चरण शामिल होंगे।
लिखित परीक्षा 7 जुलाई को आयोजित किए जाने की संभावना है। परीक्षा का आयोजन प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों-अम्बिकापुर (सरगुजा), बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर (बस्तर) और रायपुर में किया जाएगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। एडमिट कार्ड परीक्षा से लगभग एक सप्ताह पहले यानी 25 जून को जारी होने की उम्मीद है। परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को समय का विशेष ध्यान रखना होगा। सभी परीक्षार्थियों को केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा, क्योंकि सुबह 9:30 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आवेदन शुल्क भी वर्ग के अनुसार तय किया गया है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 350 रुपये, ओबीसी वर्ग को 250 रुपये और एससी, एसटी व दिव्यांग अभ्यर्थियों को 200 रुपये शुल्क देना होगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित भर्ती लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करना होगा, फिर आवश्यक जानकारी भरकर दस्तावेज अपलोड करने होंगे। अंत में शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करना होगा। भविष्य के उपयोग के लिए आवेदन पत्र का प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रखना भी जरूरी है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13783/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web