Share this post with:
0-अपहरण के पीछे वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आ रही
रायपुर - ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के अपहरण के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों को यूपी के मिर्जापुर से पकड़ा गया है। रायपुर से अपहरण के बाद आरोपी प्रतीक राय को लेकर उत्तर प्रदेश की ओर भागे थे। पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस की मदद से काले रंग की स्कॉर्पियो को ट्रेस किया। गाड़ी के मिर्जापुर की तरफ जाने पर यूपी पुलिस को अलर्ट किया। इसके बाद अहरौरा से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।शुरुआती जांच में कारोबारी के अपहरण के पीछे वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को रात करीब 9 बजे प्रतीक राय की पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने में सूचना दी कि उनके पति घर वापस नहीं आए हैं और उनका मोबाइल भी बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने डीएम टावर और आसपास के इलाके के सीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। सीटीवी में पता चला कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे तीन युवक प्रतीक को जबरन काले रंग की क्क नंबर की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले गए थे।
घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस से उसकी लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया। गाड़ी के उत्तर प्रदेश की तरफ जाने का पता चला तो रायपुर पुलिस ने वहां की पुलिस से संपर्क किया। अहरौरा पुलिस के साथ-साथ चोपन, रॉबर्ट्सगंज और रास्ते में आने वाले दूसरे थाना क्षेत्रों को भी गाड़ी की जानकारी देकर अलर्ट किया गया। संभावित रास्तों पर नाकाबंदी और चेकिंग शुरू कर दी गई।
रायपुर पुलिस से लगातार मिल रही लोकेशन और टोल की जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस गाड़ी पर नजर रख रही थी। इसी दौरान अहरौरा इलाके में पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। गाड़ी में सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया।पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते प्रतीक राय को जबरन साथ ले जाया गया था। आरोपी उसे उत्तर प्रदेश की ओर लेकर जा रहे थे।
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, उनकी पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।
तीनों आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के लिए रायपुर लाने पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अपहरण की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच करेगी।
Share this post with:
03 Oct 2026 12 Views
03 Oct 2026 26 Views