Share this post with:
जगदलपुर। जिले के परपा थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम पल्ली रोड, कांगोली में कार से लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर मार-पीट करने और 5 हजार रुपए लूटने के मामले में पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों प्रकाश सेकर (26), निवासी महावीर नगर, जगदलपुर और राजीव साहू (23), निवासी तेतरकुटी, जगदलपुर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से एक हजार रुपए बरामद किए हैं।
परपा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम राजुर, तोकापाल निवासी चुम्मन दास (34) ने थाना परपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अक्टूबर 2026 को वह अपने निजी काम से कार लेकर तोकापाल गया था। वहां से लौटते समय वह ग्राम पल्ली रोड होते हुए धरमपुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान 31 अक्टूबर की रात करीब 12:10 बजे ग्राम पल्ली रोड, कांगोली में एक डेली नीड्स दुकान के पास तीन लोगों ने उसकी कार रुकवा ली। आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया और उसके साथ मार-पीट की। इसके बाद उसकी जेब में रखे करीब 05 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।
पुलिस पीडि़त की शिकायत पर परपा थाने में अपराध क्रमांक 277/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पीडि़त से पूछ-ताछ की। इसके साथ ही तकनीकी जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार, साक्ष्यों और आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गिरफ्तार आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 नवंबर को प्रकाश सेकर (26), निवासी महावीर नगर, जगदलपुर और राजीव साहू (23), निवासी तेतरकुटी, जगदलपुर को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही वारदात में शामिल एक नाबालिग बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में लूट का एक हजार रुपए जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।
Share this post with:
01 Nov 2026 26 Views
01 Nov 2026 45 Views
01 Nov 2026 32 Views
01 Nov 2026 50 Views
31 Oct 2026 51 Views
31 Oct 2026 43 Views