Share this post with:
00 भाजपा प्रवक्ता का सवाल: क्या कांग्रेस भ्रष्टाचारियों के साथ मिली हुई है?
रायपुर। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने दो टूक कहा है कि जो भी कांग्रेस नेता इस भ्रष्टाचार में शामिल या हिस्सेदार हैं, वे स्वयं होकर अपना अपराध स्वीकार कर लें तो यह प्रदेश व जनता के हित के नजरिए से श्रेयस्कर होगा अन्यथा पुलिस तो अपना काम कर ही रही है और पुलिस अपना सब काम बिल्कुल पूरे साक्ष्यों के साथ कर रही है, कहीं पर भी लुका-छिपी जैसा कुछ भी नहीं है। डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट तौर पर कहा कि पूछताछ में तो अग्रवाल खुद ही बता देंगे कि कौन-कौन मिल-बाँटकर पैसा लेते थे, खाते थे और पैसा आता था। आरोपी अग्रवाल के मामले में अब न्यायालय निर्णय करेगा कि इनको कितनी सजा देनी है और क्या करना है? यह न्यायालय का काम है, लेकिन जनता का पैसा यूँ ही कोई लूटकर ले जाए, तो सरकार उसको छोड़ेगी नहीं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने शुक्रवार को यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह गम्भीर और महत्वपूर्ण मामला है। सन् 2023 तक जब प्रदेश में कांग्रेस की भूपेश सरकार थी, कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल द्वारा जिस तरह लेवी का पैसा, राइस मिलर्स के कस्टम मिलिंग का पैसा, शराब का पैसा पकड़ा गया जो बेनामी तरीके से सूर्यकांत तिवारी की मिली डायरियों में रिकॉर्ड रहा। इन डायरियों में यह भी दर्ज है कि भ्रष्टाचार का पैसा कैसे आया और किसे कितना रुपया दिया गया? इन तथ्यों के प्रकाश में आने के बाद कुछ डिजिटल डॉक्यूमेंट्स के जरिए यह भी खुलासा हुआ है कि पैसा किस माध्यम से कैसे-कैसे आया? इस मामले में पुलिस लगातार अग्रवाल की खोज कर रही थी और अग्रवाल 3 साल भागते रहे और अंतिम में दबाव में जाकर अपनी गिरफ्तारी दी और गिरफ्तारी देने के बाद पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने इस मामले में कांग्रेस की राजनीतिक दुविधा पर करारा कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की ऐसी दशा है कि जिस रामगोपाल अग्रवाल को कल तक वह अपना कोषाध्यक्ष बताती नहीं थक रही थी, दो दिन के अंदर परसों गिरफ्तारी होते ही कांग्रेस के नेता अब यह कह रहे हैं कि यह हमारे कोषाध्यक्ष नहीं है। इसका मतलब साफ है कि कांग्रेस नेता डरे हुए हैं और उन्हें यह लग रहा है कि कहीं कांग्रेस के सभी नेताओं, जो कि इस लेन-देन में शामिल थे, की गिरफ्तारी होगी या उनका नाम आएगा; तो वह बचने के लिए पहले ही एक अस्त्र निकाल रहे हैं कि वह हमारे कोषाध्यक्ष नहीं, हमारा कोई लेना-देना नहीं। डॉ. मिश्रा ने हैरानी जताते हुए कहा कि एक तरफ वह ऐसी बातें कर रहे हैं और दूसरी तरफ यह बातें कर रहे हैं कि कांग्रेस के जो लोग हैं, उन्हें भाजपा परेशान कर रही है। जबकि दस्तावेजी साक्ष्य रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ हैं और इसी आधार पर अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है। मजबूरी व दबाव में अग्रवाल अपनी गिरफ्तारी देने आए और फिर गिरफ्तारी की गई। अग्रवाल ने कोई एहसान नहीं किया है। 3 साल से फरार घूम रहे थे, अब उनकी गिरफ्तारी की गई है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह बड़ी विडम्बना ही है कि कांग्रेस का एक तबका अग्रवाल के पक्ष में धरना-प्रदर्शन आंदोलन कर रहा है। अर्थात यह कहना चाहिए कि जो आरोपी व्यक्ति है, जनता के खून-पसीने की कमाई सरकार के रेवेन्यू के तौर पर जानी चाहिए थी, उसमें भ्रष्टाचार करके जो अपने एकाउंट में लिया करते थे और वह पैसा कांग्रेस भवन जाया करता था, कांग्रेस के एकाउंट में जाता था। अब एक तरफ कांग्रेस के लोग कहते हैं, वह हमारे साथ नहीं है और दूसरी तरफ कहते हैं कि हम इनके संरक्षण के लिए आंदोलन धरना-प्रदर्शन करेंगे! तो, कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि क्या वह भ्रष्टाचारियों के साथ मिली हुई है? इस भ्रष्टाचार में उसकी हिस्सेदारी है या नहीं है? डॉ. मिश्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार के इन आरोपियों से जनता के पैसे को वसूल किया जाएगा और सरकारी खजाने में जमा कराया जाएगा, जिससे जनता का विकास कार्य हो पाए। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल एवं तौकीर रजा उपस्थित रहे।
Share this post with:
10 Jul 2026 12 Views
10 Jul 2026 10 Views
10 Jul 2026 23 Views
09 Jul 2026 11 Views