CNIN News Network

कांग्रेस अपनी अंतर्कलह और गुटबाजी को दूसरों पर मढ़ने की कोशिश न करे : सांसद पाण्डेय

22 Sep 2026   6 Views

कांग्रेस अपनी अंतर्कलह और गुटबाजी को दूसरों पर मढ़ने की कोशिश न करे : सांसद पाण्डेय

Share this post with:


रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस अपनी आपसी कलह और गुटबाजी को दूसरों के सिर मढ़ने की कोशिश कर रही है।
भाजपा सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि असम में जो भी घटनाक्रम हुआ, वह कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी का नतीजा है। वीडियो फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि वहाँ कांग्रेस (पंजा छाप) के झण्डे लगे हुए थे और पार्टी कार्यकर्ता ही आपस में उलझ रहे थे। श्री पाण्डेय ने कहा कि बिहार चुनाव के समय भी एयरपोर्ट पर ऐसी ही हाथापाई और झूमाझटकी हुई थी। भूपेश बघेल जहाँ भी जाते हैं, वहाँ बण्टाधार ही होता है। असम में कांग्रेस चुनाव हारने जा रही है, इसलिए अपनी विफलता छिपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। श्री पाण्डेय ने कहा कि कानून-व्यवस्था पर भूपेश बघेल को बोलने का अधिकार नहीं है। असम में हिमंता बिस्वा सरमा की गुड गवर्नेंस की सरकार है।
बस्तर की स्थिति पर पूर्व सरकार को घेरा
भाजपा सांसद श्री पाण्डेय ने प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि भूपेश बघेल के शासन में बीजापुर, सुकमा, दन्तेवाड़ा और नारायणपुर जैसे क्षेत्रों में शाम के समय लोगों का निकलना दूभर था। भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रचारकों को अंदरूनी क्षेत्रों में जाने तक नहीं दिया जाता था। जबकि आज स्थिति यह है कि लोग बस्तर के अंतिम गाँव, मानपुर-मोहला और लछना-कटेमम तक बिना किसी भय के आ-जा सकते हैं। 
कश्मीर और पत्थरबाजी पर कांग्रेस का दोहरा रवैया
भाजपा सांसद श्री पाण्डेय ने याद दिलाया कि वर्ष 2017 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैफुद्दीन सोज ने कश्मीर में पत्थरबाजों का बचाव करते हुए कहा था कि उन्हें गुमराह या पत्थरबाज न कहा जाए, वे भावना से जुड़े हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा ऐसे तत्वों के प्रति हमदर्दी दिखाती रही है।
सरगुजा से लेकर हर स्तर पर गुटबाजी
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के आरोपों पर पलटवार करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस में ऊपर से नीचे तक घमासान मचा हुआ है। सरगुजा में टी.एस. सिंहदेव और बृहस्पति सिंह के बीच का विवाद पूरा प्रदेश देख चुका है। श्री पाण्डेय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जो कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर चला रही है, उसमें सबसे पहले अपने नेताओं को 'गुटबाजी न करने' का पाठ पढ़ाना चाहिए।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web