Share this post with:
00 बिलासपुर में रात 08:09 और रायपुर में रात 08:14 को होगा चंद्रमा के दर्शन
रायपुर। करवा चौथ पर देश के विभिन्न राज्यों में चंद्रदर्शन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू के अनुसार देश के भौगोलिक विस्तार के कारण पूर्वी और पश्चिमी राज्यों में चंद्रोदय के समय में 1 घंटे से अधिक का बड़ा अंतर देखने को मिलेगा। सबसे पहले पूर्वी भारत में चंद्रमा का उदय होगा, जबकि सबसे अंत में पश्चिमी भारत के लोग चांद का दीदार कर सकेंगे। इस समय देश में चल रहे मौसम के बदलाव और चक्रवाती प्रभाव के कारण कुछ राज्यों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। ऐसे में यदि आपके शहर में बादलों के कारण चांद सीधे दिखाई न दे तो इसके लिए एक व्यावहारिक उपाय है। व्रती महिलाएं अपने शहर के निर्धारित चंद्रोदय समय के बाद पूर्व-उत्तर दिशा को आधार मानकर और वहां चंद्रमा की उपस्थिति स्वीकार करते हुए अपना अर्घ्य अर्पित कर व्रत पूर्ण कर सकती हैं। बिलासपुर में रात 08:09 और रायपुर में रात 08:14 बजे चंद्रमा के दर्शन व्रतधारी महिलाओं को होंगे।
देश के विभिन्न राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के नगरों में चंद्रोदय का क्रम पूर्व से पश्चिम की ओर बढ़ेगा। पूर्वी राज्य बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में देश के मध्य और पश्चिमी भागों की तुलना में जल्दी चंद्रोदय होगा। वहीं मध्य व उत्तरी भाग मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में रात 8:00 से 8:25 के बीच अलग-अलग शहरों में चांद दिखाई देगा। पश्चिमी राज्य पंजाब, राजस्थान, गुजरात के नगरों में रात 8:30 के बाद और सबसे अंत में गुजरात के पश्चिमी हिस्सों में चंद्रदर्शन होंगे। खगोलीय गणनाओं की जानकारी देते हुए सारिका घारू ने बताया कि देश के पूर्वी हिस्से यानी कोलकाता में सबसे पहले रात 7 बजकर 42 मिनट पर चंद्रोदय होगा। वहीं देश के पश्चिमी छोर पर स्थित मुंबई में रात 8 बजकर 56 मिनट पर चंद्रदर्शन हो सकेंगे। इस प्रकार केवल इन दो महानगरों के बीच ही चंद्रोदय के समय में 1 घंटे 14 मिनट का अंतर रहेगा। देश की राजधानी नई दिल्ली में रात 8 बजकर 12 मिनट पर चंद्रोदय आरंभ होगा।
Share this post with:
28 Oct 2026 31 Views
28 Oct 2026 31 Views
28 Oct 2026 30 Views
27 Oct 2026 50 Views