CNIN News Network

कभी रोजी-रोटी के लिए शनिचरी को करनी पड़ती थी मजदूरी, अब पति के साथ घर पर ही चला रही हैं स्वरोजगार

13 Nov 2026   20 Views

कभी रोजी-रोटी के लिए शनिचरी को करनी पड़ती थी मजदूरी, अब पति के साथ घर पर ही चला रही हैं स्वरोजगार

Share this post with:

00 दोना-पत्तल निर्माण से लेकर सिलाई और बांस शिल्प तक, कई व्यवसायों से संवार रही हैं परिवार का भविष्य
00 बिहान योजना से मिले एक लाख रुपये के ऋण ने बदली जिंदगी, आर्थिक मजबूती के साथ बढ़ा आत्मविश्वास
अम्बिकापुर। हुनर और मेहनत को जब सही अवसर और आर्थिक सहयोग मिलता है, तो आत्मनिर्भरता की राह आसान हो जाती है। सरगुजा जिले में बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के हुनर को आजीविका का साधन बनाकर उनके जीवन में नई खुशियां ला रही है। लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत गुमगरा कलां की रहने वाली श्रीमती शनिश्चरी माही महिला स्व-सहायता समूह की सचिव इसकी एक प्रेरक मिसाल हैं। कभी परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए दूसरों के यहां मजदूरी करने वाली यह महिला आज अपने घर पर ही कई तरह के व्यवसाय संचालित कर लखपति दीदी बन गई हैं।
एक मशीन से शुरू हुआ सफर, कई व्यवसायों तक पहुंचा
बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूह से जुडऩे के बाद उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया। समूह के माध्यम से एक लाख रुपये का ऋण लेकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन खरीदी। मशीन से दोना-पत्तल तैयार करने का कार्य शुरू किया, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी होने लगी। इसके साथ ही उन्होंने सिलाई, पुराने कपड़ों से कथरी (गुदड़ी) तैयार करने और बांस से विभिन्न उपयोगी सामग्री बनाने का काम भी अपनाया। आज ये सभी गतिविधियां उनकी आजीविका का आधार बन गई हैं।

बिहान योजना से मिले एक लाख रुपये के ऋण ने बदली जिंदगी, आर्थिक मजबूती के साथ बढ़ा आत्मविश्वास


अब मजदूरी की तलाश नहीं, घर पर ही मिल रहा रोजगार
वे बताती हैं कि समूह से जुडऩे से पहले उनके पास रोजगार का कोई स्थायी साधन नहीं था। घर की जरूरतें पूरी करने के लिए इधर-उधर मजदूरी करनी पड़ती थी। लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। अपने घर में ही काम करने से उन्हें नियमित रूप से आजीविका गतिविधियों से जुडऩे का अवसर मिल रहा है। उनके पति भी व्यवसाय में हाथ बंटाते हैं। दोनों मिलकर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं और अपने तीनों बच्चों की पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं।
आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ मिली नई पहचान
बिहान योजना से जुडऩे के बाद उनके जीवन में केवल आर्थिक बदलाव ही नहीं आया, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मसम्मान भी बढ़ा है। पहले जहां परिवार चलाने के लिए मजदूरी पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब वे स्वयं अपने व्यवसाय का संचालन कर रही हैं। लखपति दीदी बनने की उपलब्धि ने उन्हें आगे बढऩे का नया उत्साह दिया है। अपनी खुशी साझा करते हुए उन्होंने कहा, पहले मैं मजदूरी करके घर चलाती थी। समूह से जुडऩे के बाद एक लाख रुपये का ऋण लेकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन खरीदी। अब सिलाई और बांस का काम भी करती हूं। मेरे पति भी साथ में काम करते हैं। आज मैं अपने घर में रहकर रोजगार कर रही हूं और लखपति दीदी बन गई हूं।
मुख्यमंत्री विष्णु भईया को दिया धन्यवाद
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहान योजना से महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु भईया के सुशासन में महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर रही हैं। माही महिला स्व-सहायता समूह की इस लखपति दीदी की कहानी बताती है कि ग्रामीण महिलाओं के पास मौजूद हुनर को आर्थिक सहयोग मिले, तो घर ही रोजगार का केंद्र बन सकता है। बिहान योजना के माध्यम से महिलाएं अपनी मेहनत को आय में बदलकर परिवार की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण की नई इबारत लिख रही हैं।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web