Share this post with:
* लॉकर से छेड़छाड़ और डुप्लीकेट चाबी की आशंका की जांच जारी
भोपाल। आईआईएफएम परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला बड़ा मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश रेरा के पूर्व चेयरमैन एपी श्रीवास्तव के बैंक लॉकर से कीमती गहने गायब हो गए हैं। गुरुवार दोपहर जब वे अपनी बेटी के साथ लॉकर खोलने पहुंचे, तो लॉकर पूरी तरह खाली मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम को प्रारंभिक जांच में लॉकर के हैंडल पर कोई फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं। अब पुलिस पूरे लॉकर को फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजने की तैयारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, एपी श्रीवास्तव की बेटी सुरभि हाल ही में दुबई से भोपाल आई हैं। गुरुवार को श्रीवास्तव अपनी बेटी को गहने दिखाने के लिए आईआईएफएम परिसर स्थित एसबीआई शाखा पहुंचे थे। श्रीवास्तव के मुताबिक, जब वे लॉकर नंबर 502 खोल रहे थे, तो चाबी अटक रही थी। काफी मशक्कत के बाद जब लॉकर खुला, तो अंदर रखे गहने गायब थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना बैंक प्रबंधन और पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम को लॉकर के हैंडल पर किसी भी तरह के फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या लॉकर के साथ छेड़छाड़ की गई थी या किसी डुप्लीकेट चाबी की मदद से लॉकर खोला गया। वहीं, एसबीआई शाखा के प्रभारी मैनेजर हरीश मेहरा ने कहा कि बैंक केवल लॉकर का कस्टोडियन होता है, ग्राहक उसमें क्या रखता है इसकी जानकारी बैंक को नहीं होती। नियम के अनुसार, लॉकर बैंक और ग्राहक दोनों की चाबियों से ही खुलता है।
0--जांच के तीन प्रमुख बिंदु
- दूसरी बेटी के बयान दर्ज होंगे: जॉइंट लॉकर होने के कारण पुलिस बेंगलुरु में रह रही श्रीवास्तव की दूसरी बेटी श्रुति के भोपाल आने पर उनके बयान दर्ज करेगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दिसंबर 2024 में गहने रखते समय कौन-कौन मौजूद था।
0--अन्य बैंकों के लॉकर भी खंगाले: पुलिस ने इस आशंका की भी जांच की कि कहीं गलती से गहने किसी दूसरे बैंक के लॉकर में तो नहीं रख दिए गए, लेकिन श्रीवास्तव के अन्य लॉकरों में भी गहने नहीं मिले।
0-- सीसीटीवी फुटेज और स्टाफ की भूमिका: पुलिस ने बैंक से पिछले तीन महीनों के सीसीटीवी फुटेज तलब किए हैं। इसके जरिए लॉकर रूम में आवाजाही करने वाले लोगों और बैंक कर्मचारियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।
साभार- नई दुनिया भोपाल
Share this post with:
02 Nov 2026 50 Views
13 Nov 2026 39 Views
13 Nov 2026 60 Views
12 Nov 2026 223 Views
12 Nov 2026 186 Views