Share this post with:
रायपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर के क्लिनिकल फार्माकोलॉजी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पुगझेंथन थंगराजू को लगातार दूसरे वर्ष (2025-2026) विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि एल्सेवियर और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की टॉप 2 प्रतिशत साइंटिस्ट्स सूची द्वारा सत्यापित आंकड़ों पर आधारित है। लगातार दूसरी बार मिला यह सम्मान चिकित्सा अनुसंधान और वैज्ञानिक प्रगति में उनके निरंतर योगदान के साथ-साथ वैश्विक स्वास्थ्य सेवा अनुसंधान में एम्स रायपुर की बढ़ती पहचान को दर्शाता है।
डॉ. थंगराजू का विस्तृत शोध कार्य क्लिनिकल फार्माकोलॉजी, फार्माकोविजिलेंस (दवाओं की सुरक्षा निगरानी), दवा सुरक्षा, एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप, फार्माकोजेनोमिक्स और कुष्ठ रोग जैसे संक्रामक रोगों के क्षेत्रों में फैला हुआ है। उनका शोध कार्य दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग, वैज्ञानिक प्रमाणों को व्यावहारिक चिकित्सा में लागू करने तथा दवाओं और चिकित्सा उपकरणों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित है। 160 से अधिक शोध पत्रों के अलावा पुस्तकों, अध्यायों और पेटेंट में योगदान देने वाले डॉ. थंगराजू वर्तमान में नारकोटिक्स के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अग्रणी अनुप्रयोगों पर भी कार्य कर रहे हैं।
डॉ. थंगराजू के उत्कृष्ट शोध पोर्टफोलियो में 41,000 से अधिक साइटेशन (उद्धरण), 38 का एच-इंडेक्स, 64 का द्ब10-इंडेक्स और 160 से अधिक वैज्ञानिक प्रकाशनों के साथ-साथ 13 पेटेंट और 27 कॉपीराइट शामिल हैं। नारकोटिक्स में एआई के अभिनव अनुप्रयोगों के साथ उनका कार्य क्लिनिकल फार्माकोलॉजी, फार्माकोविजिलेंस, एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप, फार्माकोजेनोमिक्स और संक्रामक रोगों जैसे महत्वपूर्ण विषयों को कवर करता है। अनुसंधान के अलावा, डॉ. थंगराजू जन स्वास्थ्य के प्रति भी गहराई से समर्पित हैं और आयुष्मान भारत, पीएम-जय तथा प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
एम्स रायपुर के जन औषधि केंद्र के माध्यम से सस्ती दवाओं को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों से प्रतिदिन लगभग 1,000 मरीजों को लाभ मिल रहा है। वे शिक्षण संस्थानों और ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी), चेन्नई सहित विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए दवा सुरक्षा पर व्यापक जन-जागरूकता भी फैलाते हैं। इस उपलब्धि पर आभार व्यक्त करते हुए, डॉ. थंगराजू ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में फैकल्टी की भागीदारी को मजबूत करने के लिए एम्स रायपुर के निदेशक के नेतृत्व और दूरदर्शिता की सराहना की। साथ ही, उन्होंने अपने मार्गदर्शकों, सहकर्मियों, सहयोगियों, छात्रों और शोध टीमों को उनके सामूहिक समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक, लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने इस विशेष उपलब्धि पर डॉ. थंगराजू को बधाई दी। उन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता, वैज्ञानिक अनुसंधान और रोगी देखभाल के प्रति डॉ. थंगराजू की निरंतर प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान संस्थान के लिए गर्व का विषय है और यह नवाचार तथा साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य सेवा के प्रति संस्थान के समर्पण को और अधिक सुदृढ़ करता है।
Share this post with:
13 Nov 2026 10 Views
13 Nov 2026 34 Views
13 Nov 2026 10 Views
13 Nov 2026 34 Views
12 Nov 2026 180 Views
12 Nov 2026 138 Views