Share this post with:
0-मुंबई में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सन फार्मा के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी से मुलाकात की
मुंबई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉच्र्युनिटीज इन मध्यप्रदेश के दौरान सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी से महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में मध्यप्रदेश में कंपनी के विस्तार को लेकर कई अहम मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
0--पीथमपुर सेक्टर-7 में ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट पर फोकस
बैठक का मुख्य फोकस पीथमपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड परियोजना रहा। इस दौरान पीथमपुर के सेक्टर-7 में कंपनी की प्रस्तावित परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और स्थानीय स्तर पर आ रही बाधाओं के निराकरण पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2026 तक परियोजना स्थल पर जल, बिजली और सड़क जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार निवेशकों को सभी अनुमतियां और सुविधाएं समयबद्ध तरीके से देने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में पीथमपुर परियोजना के प्लॉट हस्तांतरण और पुन: पंजीकरण शुल्क में छूट, कंपनी के नाम को एसपीएलएल से एसपीआईएल करने के लिए सीसीआईपी में आवश्यक संशोधन और परियोजना से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर भी सहमति बनी।
0--3000 करोड़ का निवेश, 1750 लोगों को मिलेगा रोजगार
सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने पीथमपुर में लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से ग्रीनफील्ड परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना के तहत भारत, अमेरिका, यूरोप और अन्य प्रमुख बाजारों के लिए औषधि फॉर्मुलेशन विनिर्माण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस बड़े निवेश से लगभग 1,750 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है, जिसमें करीब 1,250 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल होंगे।
सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक भारतीय बहुराष्ट्रीय फार्मास्यूटिकल कंपनी है, जिसका कारोबार 54,543 करोड़ रुपये का है। कंपनी 100 से अधिक देशों में ड्रग फॉर्मुलेशन और एपीआई का विनिर्माण करती है और छह महाद्वीपों में 40 से अधिक विनिर्माण सुविधाओं का संचालन कर रही है। कंपनी ने वर्ष 1984 में देवास में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया था। फिलहाल मध्यप्रदेश स्थित इसके फॉर्मुलेशन और एपीआई संयंत्रों में करीब 3,958 कर्मचारी कार्यरत हैं।
0--बड़े सौर ऊर्जा प्रकल्प के लिए जमीन पर चर्चा
बैठक में कंपनी की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए बड़े सौर ऊर्जा प्रकल्प पर भी बात हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान और उसके आवंटन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही सौर ऊर्जा परियोजना के लिए जरूरी प्रोत्साहन, आधारभूत संरचना और अनुमतियां जल्द उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
Share this post with:
14 Oct 2026 16 Views
05 Oct 2026 34 Views
14 Oct 2026 25 Views
13 Oct 2026 19 Views
12 Oct 2026 267 Views
11 Oct 2026 314 Views
10 Oct 2026 304 Views
10 Oct 2026 328 Views