Share this post with:
रायपुर। मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब दो करोड़ रुपये के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण चोरी करने वाले अंतरराज्यीय कंजर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस चोरी में शामिल गिरोह के सरगना राजेश अजय सिंह झाला और चोरी के आईफोन खपाने वाले इंदौर के सफान खान को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे और निशानदेही पर 125 आईफोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। गिरोह ने दुकान से कुल 173 आईफोन के अलावा एप्पल वाच, हेडफोन और एयरपॉड भी चोरी किए थे। गिरोह के दो सदस्य राजेश झाला का बेटा राजा झाला और राजेश लोधी अब भी फरार हैं।
इस पूरे मामले में पुलिस की जांच का सबसे दिलचस्प पहलू गिरोह की अपराध करने की कार्यप्रणाली है। गिरोह के सदस्य वारदात के लिए निकलते समय अपने मोबाइल फोन घर पर बंद करके छोड़ देते थे, ताकि पुलिस मोबाइल लोकेशन से उन तक न पहुंच सके।
चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे और सीसीटीवी कैमरों में पहचान छिपाने के लिए चेहरे ढंककर रखते थे। वारदात के बाद दुकान का डीवीआर निकालकर ले गए और रास्ते में मोटरसाइकिल तथा डीवीआर को अलग-अलग जगह छिपा दिया। पुलिस ने करीब 250 किलोमीटर तक सीसीटीवी फुटेज का पीछा करते हुए इस गिरोह का सुराग निकाला।
पुलिस के अनुसार, कारोबारी ऋषभ डागा ने एक नवंबर को तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर और एक नवंबर की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर अज्ञात चोर अंदर घुसे थे। चोर करीब दो करोड़ रुपये के 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड लेकर फरार हो गए थे। जाते समय दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकाल ले गए थे।
जांच में पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। ये रात 2:37 बजे घटनास्थल के पास पहुंचे और महज आठ मिनट बाद 2:45 बजे वहां से निकल गए। रात होने और कैमरों की गुणवत्ता खराब होने के कारण उनकी पहचान करना आसान नहीं था। इसके बाद पुलिस की टीमों ने अलग-अलग कैमरों के फुटेज जोड़कर उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाना शुरू किया। करीब 10 दिनों तक फुटेज का पीछा करते हुए टीम नागपुर से पहले महाराष्ट्र के मौधा तक पहुंची। करीब 250 किलोमीटर तक संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते का विश्लेषण किया गया।
मौधा में पुलिस को सूचना मिली कि कुल्हान नदी के किनारे बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली है। उसके इंजन और चेसिस नंबर को भी खुरच दिया गया था। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी की गई थी। इससे पुलिस को यह पुख्ता सुराग मिला कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों का संबंध रायपुर की चोरी से है। पुलिस ने इसके बाद महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में अलग-अलग टीमें भेजकर जांच शुरू की।
ऑल इंडिया अपराध संबंधी आंकड़ों के विश्लेषण में पुलिस को वर्ष 2024 में जयपुर के एप्पल स्टोर में हुई चोरी की जानकारी मिली। उस घटना में मध्यप्रदेश के देवास और इंदौर के आसपास सक्रिय कंजर गिरोह के सदस्यों की भूमिका सामने आई थी। रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राजेश अजय सिंह झाला निवासी टोंककला, जिला देवास की पहचान की।
देवास पुलिस के सहयोग से राजेश झाला को पकड़ा गया। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन लगातार पूछताछ में उसने अपने बेटे राजा झाला और गांव के राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में चोरी करना स्वीकार किया। उसने चोरी के आईफोन इंदौर निवासी सफान खान को देने की बात भी बताई।
पूछताछ में सामने आया कि राजेश झाला, उसका बेटा राजा और सफान खान 25 अक्टूबर को बस से रायपुर पहुंचे थे। सफान ने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर की पहचान कर उसकी रेकी की थी। इसके बाद तीनों ने जोरा मॉल के पास से मोटरसाइकिल चोरी की और 26 अक्टूबर को उसे महाराष्ट्र के साकोली के पहले जंगल में छिपा दिया। इसके बाद वे इंदौर लौट गए। 31 अक्टूबर को तीनों दोबारा बस से इंदौर से महाराष्ट्र के साकोली पहुंचे। जंगल में छिपाई गई मोटरसाइकिल लेकर रात में रायपुर आए और एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद मोटरसाइकिल को मौधा के पास कुल्हान नदी के पुल के नीचे छिपा दिया और दुकान का डीवीआर नदी में फेंक दिया। तीनों बस से इंदौर लौट गए और चोरी के सभी आईफोन सफान खान को सौंप दिए।
राजेश झाला की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद सफान खान फरार हो गया था। पुलिस को आशंका थी कि वह विदेश भाग सकता है। सफान पहले भी जयपुर में एप्पल स्टोर चोरी के मामले में राजेश झाला के साथ गिरफ्तार हो चुका था। उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम इंदौर में उसकी तलाश कर रही थी। उसके संपर्कों और अंतरराज्यीय गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि सफान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मौजूद है। वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से उसे विदेश भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। सफान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रायपुर लाया जा रहा है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन में डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला, डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल और डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया के पर्यवेक्षण में छह विशेष टीमें बनाई गई थीं। इनमें 40 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। करीब 25 दिनों तक लगातार अभियान चलाया गया। जांच में 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, 1100 से ज्यादा मोबाइल टावरों की सेल आइडी और 10 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया।
Share this post with:
25 Nov 2026 5 Views
25 Nov 2026 21 Views
25 Nov 2026 19 Views
24 Nov 2026 112 Views
23 Nov 2026 143 Views
21 Nov 2026 368 Views
21 Nov 2026 430 Views