Share this post with:
रायपुर। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने संगठनात्मक चुनाव कराने की आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि यह चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में प्रदेश के सभी सरकारी, निजी और अन्य कॉलेजों, यूनिवर्सिटी में कैंपस अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में जिला और प्रदेश स्तर के संगठनात्मक चुनाव होंगे।
पहले चरण में छात्र-छात्राएं केवल कैंपस अध्यक्ष पद के लिए मतदान करेंगे। इसी चुनाव के परिणाम के आधार पर संबंधित कॉलेज या यूनिवर्सिटी की 11 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। कार्यकारिणी में अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां संगठन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएंगी। दूसरे चरण में केवल वही उम्मीदवार चुनाव लड़ सकेंगे, जो अपने-अपने कॉलेज या यूनिवर्सिटी में कैंपस अध्यक्ष निर्वाचित होंगे। जिला और प्रदेश स्तर के चुनाव में मतदान का अधिकार भी केवल इन्हीं निर्वाचित कैंपस अध्यक्षों को मिलेगा। यानी संगठन की नई नेतृत्व टीम सीधे कैंपस स्तर से चुनकर आगे आएगी।
एनएसयूआई ने स्पष्ट किया है कि यूथ कांग्रेस की तरह कैंपस के बाहर सदस्यता अभियान नहीं चलाया जाएगा। संगठन की सदस्यता केवल मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से ही दी जाएगी। चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवार की आयु 16 से 27 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। सदस्यता शुल्क तीन वर्ष के लिए 45 रुपए निर्धारित किया गया है। संगठन ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों की स्क्रूटनी (दस्तावेजों और पात्रता की जांच) की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के आधार पर जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों का अंतिम चयन किया जाएगा, ताकि संगठन में योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिल सके।
Share this post with:
07 Jul 2026 11 Views
07 Jul 2026 12 Views