CNIN News Network

एनआईटी रायपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन, प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित

31 Oct 2026   6 Views

एनआईटी रायपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन, प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित

Share this post with:


00 सत्यनिष्ठा से समृद्धि विषय पर आयोजित हुआ सप्ताहव्यापी कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक के जरिए भ्रष्टाचार के विरुद्ध दिया जागरूकता का संदेश
रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर में 26 से 30 अक्टूबर तक आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुक्रवार को समापन हुआ। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस वर्ष सप्ताहव्यापी आयोजन की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि रही। इसके अंतर्गत विशेषज्ञ व्याख्यान, निबंध लेखन और वाद-विवाद सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में संस्थान के प्रभारी निदेशक डॉ. समीर बाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संस्थान के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) डॉ. प्रभात दीवान सहित सहायक सतर्कता अधिकारी डॉ. विवेक अग्निहोत्री, संकाय सदस्य, छात्र समन्वयक और विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. समीर बाजपेयी ने कहा कि प्रतियोगिताएं केवल पुरस्कार प्राप्त करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनमें भागीदारी के दौरान अर्जित कौशल और अनुभव भविष्य में व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में विजेता होना ही महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि उसमें सक्रिय भागीदारी भी अपने आप में उपलब्धि है। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत संस्थान के लिटराटी क्लब की ओर से सत्यनिष्ठा से समृद्धि विषय पर हिंदी और अंग्रेजी में निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। हिंदी निबंध प्रतियोगिता में राजमणि ने प्रथम और निखिल कौशिक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, अंग्रेजी निबंध प्रतियोगिता में अक्षांश तिवारी प्रथम, विश्वेश मिश्रा द्वितीय और महेश माणिकपुरी तृतीय स्थान पर रहे।
इसी क्रम में राजभाषा समिति की ओर से शास्त्रार्थ 2.0 के तहत वाद-विवाद सह भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका विषय तकनीकी पारदर्शिता भ्रष्टाचार को कम कर सकती है, लेकिन सत्यनिष्ठा ही सुशासन की वास्तविक नींव है रखा गया था। हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में ऋषभ गुप्ता ने प्रथम, सिया सिंह ने द्वितीय और स्वप्निल चौबे ने तृतीय स्थान हासिल किया।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web