Share this post with:
०- तालाब में नहाने गईं तीन सहेलियों की डूबने से मौत, घंटों की मशक्कत के बाद मिले शव
कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। अलगू तालाब में नहाने गई तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय इंदु अगरिया, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार इंदु अगरिया पिता दुर्जन सात वर्ष, राखी पिता मलखम आठ वर्ष और साधना पिता सुखसिंह आठ वर्ष एक ही बस्ती की रहने वाली थीं। तीनों आपस में सहेलियां थीं। बताया गया कि गुरुवार को तीनों स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। दोपहर के समय तीनों नहाने के लिए गांव के अलगू तालाब में चली गईं। उस दौरान तालाब के पास कोई मौजूद नहीं था।
काफी देर तक जब बच्चियां घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। स्वजन और ग्रामीण उन्हें खोजते हुए तालाब की ओर पहुंचे। तालाब के किनारे तीनों बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर तालाब के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी, जिसकी पहचान इंदु अगरिया के रूप में हुई। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर अन्य दो बच्चियों की तलाश शुरू की। घंटों की मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए। एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
Share this post with:
17 Sep 2026 13 Views
17 Sep 2026 16 Views
16 Sep 2026 62 Views
16 Sep 2026 115 Views