CNIN News Network

एक और औद्योगिक हादसा..राखड़ डेम का एक हिस्सा फूटा,जेसीबी ऑपरेटर की मलबे में दबकर मौत

19 Apr 2026   29 Views

एक और औद्योगिक हादसा..राखड़ डेम का एक हिस्सा फूटा,जेसीबी ऑपरेटर की मलबे में दबकर मौत

Share this post with:

 

कोरबा- कोरबा जिले में स्थित एचटीपीपी के ग्राम झाबू में रविवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। यहां स्थित राखड़ डेम का एक हिस्सा अचानक फूट गया, जिससे राख का तेज बहाव नीचे की ओर फैल गया। इस हादसे में जेसीबी ऑपरेटर मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे डेम के एक हिस्से में अचानक दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते डेम का ऊपरी हिस्सा टूट गया और राख का सैलाब करीब 70 फीट नीचे आ गया। उस समय वहां मिट्टी फिलिंग का काम चल रहा था, जिसमें जेसीबी मशीन लगी हुई थी।ऑपरेटर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और राख के दलदल में वह मशीन सहित दब गया। घटना के समय कुल पांच मजदूर वहां काम कर रहे थे। पोकलेन ऑपरेटर और एक अन्य मजदूर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रबंधन और सुरक्षा टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि एक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा, लेकिन दूर से स्थिति देखकर वापस लौट गया। इसके बाद पुलिस दोपहर करीब दो बजे घटनास्थल पर पहुंची और राखड़ में फंसे शव को निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।  इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह राखड़ डेम तीसरी बार टूटा है। डेम भर जाने के बाद उसकी ऊंचाई बढ़ाने का काम किया जा रहा था, लेकिन सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया।लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार डेम की कमजोर स्थिति को लेकर चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रबंधन ने इसे नजरअंदाज किया। यही लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। घटना के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कब तक जारी रहेगी और मजदूरों की जान की जिम्मेदारी कौन लेगा। 

Share this post with:

AD R.O. No. - 13766/84

AD R.O. No. - 13404/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web