CNIN News Network

ईओडब्ल्यू ने अपने बयान में बताया - सुब्बू ने अनवर के लिए दुबई में 200 किलो खरीदा था सोना

28 Nov 2026   40 Views

ईओडब्ल्यू ने अपने बयान में बताया - सुब्बू ने अनवर के लिए दुबई में 200 किलो खरीदा था सोना

Share this post with:


रायपुर। ईओडब्ल्यू ने शराब घोटाला प्रकरण में करीब चार साल से फरार चल रहे आरोपी विकास अडवाल उर्फ सुब्बू को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए  30 नवंबर तक रिमांड पर लिया है। अब तक की पूछताछ के हवाले से ईओडब्ल्यू ने अपने बयान में बताया है कि सुब्बू ने अनवर के लिए दुबई में 200 किलो सोना खरीदा था। सुब्बू पहले से बुलियन कारोबार से जुड़ा था। विवेचना में सामने आया है कि उसने अपने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से घोटाले की रकम से अनवर के लिए सोना और चांदी खरीदवाए। अब तक अनवर ढेबर के लिए 200 किलोग्राम से अधिक सोना खरीदे जाने की जानकारी मिली है।
ईओडब्ल्यू द्वारा जारी बयान के अनुसार शराब घोटाले में कार्रवाई शुरू होने के बाद सुब्बू अक्टूबर 2022 के आसपास अपने परिवार के साथ दुबई फरार हो गया था। ईओडब्ल्यू, रायपुर ने 17 जनवरी 24 को अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान सुब्बू को पूछताछ के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। नवंबर 2024 में उसके विरुद्ध फरारी में पूरक चालान पेश किया गया। विशेष न्यायालय, रायपुर ने 13 फरवरी 25 को उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया। इसके बाद ईओडब्ल्यू के अनुरोध पर इंटरपोल ने अगस्त 2020 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसी नोटिस के आधार पर एनसीबी दुबई ने सुब्बू को हिरासत में लेकर ईओडब्ल्यू की टीम को सौपा। प्रकरण की विवेचना में पाया गया कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच डिस्टिलरियों में बिना आबकारी शुल्क चुकाए अतिरिक्त शराब तैयार कराई जाती थी। इसे पार्ट-बी शराब कहा जाता था। इस शराब की बोतलों पर डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर शासकीय शराब दुकानों से बिक्री की जाती थी। बिक्री शासकीय अभिलेखों में दर्ज नहीं होती थी और उसकी नकद रकम अलग रखी जाती थी।
डिस्टिलरियों से नियमित आपूर्ति पर प्रति पेटी पार्ट-ए कमीशन और आपूर्ति क्षेत्र अथवा बाजार में हिस्सेदारी तय करने के एवज में पार्ट-सी कमीशन वसूला जाता था। विदेशी शराब की आपूर्ति करने वाली कंपनियों से एफएल कमीशन और शासकीय शराब दुकानों के लिए कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों से मैनपावर तथा ओव्हर टाइम कमीशन भी वसूला जाता था। इस अवधि में पार्ट-वी शराब की बिक्री और इन मदों की वसूली से प्राप्त 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी संभालने में सुब्बू की महत्वपूर्ण भूमिका पाई गई है।
विवेचना में यह भी सामने आया कि अनवर ने सुब्बू को पार्ट-वी शराब के उत्पादन के लिए डिस्टिलरियों में अपने लोग लगाने की जिम्मेदारी भी दी थी। उत्पादन के लिए सुब्बू डिस्टिलरी संचालकों से समन्वय करता था। पार्ट-बी शराब के लिए खाली बोतलों की व्यवस्था सुब्बू करता था। किस डिस्टिलरी को कौन-सा सप्लायर खाली बोतलें देगा, यह तय करने में भी उसकी भूमिका थी। नकली होलोग्राम दिल्ली से रायपुर मंगाने और वही से डिस्टिलरियों तक पहुंचाने का काम वह अमित सिंह के साथ मिलकर करता था। डिस्टिलरी से गाड़ी रवाना होने से लेकर शासकीय दुकान पर शराब की खेप पहुँचने तक वह आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के संपर्क में रहता था। किस डिस्टिलरी से किस जिले के लिए कितनी गाडिय निकलीं, उनकी बिक्री की कितनी रकम मिली और कितनी बाकी थी, इसका हिसाब सुब्बू अनवर को भेजता था। विवेचना में सुब्बू और अनवर के बीच हुई व्हाट्सऐप चैट में गाडियों और रकम का यह हिसाव मिला है।
15 जिलों की शासकीय शराब दुकानों से पार्ट-बी की बिक्री की नकदी सुब्बू के सहयोगी रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट लाते थे। वहीं रकम की गिनती के बाद उसे अनवर  के बताए लोगों तक पहुंचाया जाता था। पार्ट-वी शराब की बिक्री पर सुब्बू को प्रति पेटी 50 रुपये कमीशन मिलता था। अलग-अलग मदों में कमीशन वसूलने, उसका हिसाब रखने और सिंडिकेट के सदस्यों को वसूली तथा बकाया की जानकारी देने के साथ-साथ सिंडिकेट के लिए घोटाले की रकम के निवेश का काम भी वही करता था। विदेशी शराब की आपूर्ति करने वाली कंपनियों से भी सुब्बू कमीशन वसूलता था। नई आबकारी नीति लागू होने के बाद विदेशी शराब की आपूर्ति का लाइसेंस किन लोगों को दिलाया जाए, उनसे किस अनुपात में कमीशन लिया जाए और उसकी वसूली कैसे हो, यह तय करने में भी उसकी भूमिका पाई गई है।
सिंडिकेट के कहने पर सुब्बू ने अपने परिचित हवाला कारोबारियों सुमित मालू और रवि बजाज के माध्यम से घोटाले की रकम देश के अलग-अलग शहरों में भिजवाई। अनवर  के कहने पर भारत से हवाला के जरिए दुबई भेजे गए करोड़ों रुपये के भुगतान के लिए सुब्बू, ईओडब्ल्यू द्वारा फरारी में चालान किये गये आरोपी खंजन ठक्कर (वर्तमान में यूएई के जेल में निराद्ध) के संपर्क में था। दुबई में यह रकम सुब्बू ने खुद प्राप्त की। सुब्बू पहले से बुलियन कारोबार से जुड़ा था। विवेचना में सामने आया है कि उसने अपने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से घोटाले की रकम से अनवर ढेबर के लिए सोना और चाँदी खरीदवाए। अब तक अनवर ढेबर के लिए 200 किलोग्राम से अधिक सोना खरीदे जाने की जानकारी मिली है। सुब्बू से पूछताछ में शराब घोटाले से जुड़े नए खुलासे और सिंडिकेट के निवेश की जानकारी प्राप्त होने की पूरी संभावना है। अन्य फरार आरोपियों के संबंध में भी ईओडब्ल्यू द्वारा विधिसम्मत कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web