CNIN News Network

आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर जन गोष्ठी एवं कार्यशाला का हुआ आयोजन

11 May 2026   15 Views

आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर जन गोष्ठी एवं कार्यशाला का हुआ आयोजन

Share this post with:

बीजापुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय बीजापुर के शारदा सिनेमा हाल में एक दिवसीय प्रमुख जन गोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। कार्यशाला में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सेवा कार्य एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कणिराम ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले 100 वर्षों से राष्ट्र साधना और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, परंपरा और हिंदू दर्शन आज पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बना रहा है, तथा समाज के सामूहिक पुरुषार्थ से राष्ट्र चेतना निरंतर मजबूत हो रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में आगे आएं तथा सेवा, संस्कार और संगठन की भावना को आत्मसात करें।
कार्यशाला में उपस्थित लोगों ने सामाजिक विषयों, समरसता, ग्राम विकास, शिक्षा और संस्कार आधारित समाज निर्माण को लेकर अपने विचार भी साझा किए। कार्यक्रम के दौरान संघ के शताब्दी वर्ष में चलाए जा रहे विभिन्न सेवा एवं जनजागरण अभियानों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि संघ केवल संगठन नहीं बल्कि समाज को जोडऩे और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का एक सतत अभियान है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति गीत वंदे मातरम् एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में संघ के कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13783/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web