Share this post with:
रायपुर। विगत 9 से 11 सितंबर 2026 तक मुंबई में आयोजित आईएफएटी इंडिया 2026 में रायपुर नगर पालिक निगम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी स्वच्छता एवं सतत शहरी विकास के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में रायपुर नगर पालिक निगम की ओर से अपर आयुक्त श्री विनोद कुमार पांडेय एवं स्वच्छ भारत मिशन के कार्यपालन अभियंता श्री योगेश कडु ने सहभागिता करते हुए विभिन्न तकनीकी सत्रों, प्रदर्शनी और विचार-विमर्श कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
आईएफएटी इंडिया को पर्यावरणीय प्रौद्योगिकी, स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच माना जाता है। इस अवसर पर रायपुर नगर निगम अधिकारियों ने अनेक आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारपूर्ण समाधानों का अध्ययन किया, जिन्हें भविष्य में रायपुर शहर में आवश्यकता एवं व्यवहार्यता के आधार पर लागू किया जा सकता है। रायपुर नगर पालिक निगम अधिकारियों द्वारा अध्ययन किए गए प्रमुख तकनीकी समाधानों में नदियों एवं जल निकायों में तैरते हुए कचरे को रोकने के लिए फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर, जल स्रोतों की वास्तविक समय में निगरानी हेतु जल गुणवत्ता सेंसर आधारित मोबाइल मॉनिटरिंग प्रणाली, अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति पर निगरानी रखने के लिए आईसीटी आधारित डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली, तथा जलापूर्ति एवं सीवरेज नेटवर्क विस्तार के लिए ट्रेंचलेस पाइप लेइंग तकनीक शामिल हैं। इन तकनीकों से शहर में स्वच्छता प्रबंधन, जल संरक्षण, परियोजना निगरानी तथा नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित क्लीन सिटीज से सर्कुलर सिटीज तक : भारत में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का भविष्य विषयक उच्च स्तरीय गोलमेज चर्चा में रायपुर नगर निगम के अपर आयुक्त श्री विनोद कुमार पांडेय ने पैनलिस्ट के रूप में सहभागिता कर रायपुर की सफल स्वच्छता पहलों एवं नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया। इस चर्चा का संचालन हिमांशु चतुर्वेदी, एसोसिएट पार्टनर, केपीएमजी द्वारा किया गया। पैनल में विभिन्न नगर निकायों, स्वच्छता विशेषज्ञ संस्थाओं एवं अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें किरण दिघावकर (उप आयुक्त, बृहन्मुंबई महानगरपालिका), यामिनी वर्मा (महाप्रबंधक, सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज), डॉ. अजीत साल्वी (निदेशक,आरसीयूईएस-एआईआईएलएसजी, मुंबई), महेश एल. नार्वेकर (निदेशक, आपदा प्रबंधन एवं कंट्रोल रूम विभाग), हर्षवर्धन (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सीडीडी सोसायटी) तथा सुश्री शोभा राघवन (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, साहस ज़ीरो वेस्ट) शामिल रहे।
पैनल चर्चा के दौरान श्री विनोद कुमार पांडेय ने रायपुर नगर निगम द्वारा संचालित स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, आरआरआर (रिड्यूज , रियूज , रिसायकल ) सेंटर, जनभागीदारी आधारित स्वच्छता अभियान, संसाधन पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्चक्रण पहल, तथा सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने वाले मॉडलों की जानकारी साझा की। रायपुर में स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों को उपस्थित विशेषज्ञों, नगरीय निकायों एवं उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा सराहा गया।
आईएफएटी इंडिया 2026 में सहभागिता से रायपुर नगर पालिक निगम को स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, जल प्रबंधन एवं डिजिटल अवसंरचना निगरानी से संबंधित नवीनतम वैश्विक तकनीकों और सर्वोत्तम प्रथाओं की जानकारी प्राप्त हुई। इन नवाचारों के अध्ययन से भविष्य में रायपुर शहर में आधुनिक एवं टिकाऊ शहरी सेवाओं के विकास हेतु नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
Share this post with:
11 Sep 2026 61 Views
11 Sep 2026 54 Views
11 Sep 2026 17 Views
11 Sep 2026 15 Views
11 Sep 2026 56 Views
11 Sep 2026 21 Views
10 Sep 2026 24 Views
10 Sep 2026 23 Views