CNIN News Network

अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

07 Aug 2026   11 Views

अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

Share this post with:

कांकेर। जिले की बान्दे पुलिस ने अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी सागर काले को महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने भानुप्रतापपुर बस स्टैंड में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल दाखिल कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बान्दे में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी, कि बान्दे निवासी एक व्यक्ति और महाराष्ट्र के पुणे निवासी सागर काले ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। शिकायत के आधार पर थाना बान्दे में अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(3), 77, 79 तथा आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी सागर काले (29 वर्ष), निवासी मानमोड़ो, तालुका जिंतुर, जिला परभणी (महाराष्ट्र) से रायपुर होते हुए पखांजूर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भानुप्रतापपुर बस स्टैंड में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी को पखांजूर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल दाखिल कर दिया गया।
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है, कि किसी भी व्यक्ति के अश्लील फोटो या वीडियो उसकी अनुमति के बिना बनाना, प्रसारित करना या सोशल मीडिया पर वायरल करना गंभीर अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी बताया कि संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने के लिए कांकेर पुलिस की अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 संचालित है। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13944/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web