Share this post with:
देवास। देवास जिले में अवैध शराब के कारोबार और उसकी तस्करी का मामला अब एक पुलिस अधिकारी की मौत से जुड़ गया है। शराब तस्करी की सूचना पर संदिग्ध वाहन का पीछा कर उसे रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को आयशर वाहन ड्राइवर ने कुचल दिया। वाहन का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।गंभीर रूप से घायल टीआई की मौत हो गई। घटना रविवार देर रात करीब 2 बजे हरदा-नेमावर हाईवे पर हुई। इस घटना ने जिले में सक्रिय अवैध शराब के कारोबार और उसके नेटवर्क को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा वाहन इंदौर होते हुए गुजरात की तरफ जा रहा है। सूचना के आधार पर देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने वाहन को पकडऩे के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की थीं। इनमें कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी शामिल थे। टीमें संदिग्ध वाहन का पीछा कर रही थीं और रास्ते में नाकाबंदी भी की गई थी।
इसी दौरान हरदा-नेमावर हाईवे पर संदिग्ध आयशर वाहन रुका। खातेगांव टीआई दिलीप पुरी वाहन ड्राइवर को पकडऩे के लिए पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए कहा। इसी बीच ड्राइवर और टीआई के बीच झूमाझटकी होने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि ड्राइवर ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वाहन आगे बढ़ा दिया। इस दौरान टीआई नीचे गिर गए और वाहन का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
* -298 पेटी शराब मिलने की जानकारी, वाहन नंबर भी आया सामने
घटना में शामिल आयशर वाहन का नंबर एमपी 43 एच 4786 बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन से करीब 298 पेटी शराब बरामद हुई है। शराब कहां से भरी गई थी, किसके नाम पर थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। वाहन ड्राइवर की गिरफ्तारी और घटना के बाद उसकी गतिविधियों को लेकर भी अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
Share this post with:
01 Nov 2026 23 Views
01 Nov 2026 43 Views
01 Nov 2026 30 Views
01 Nov 2026 47 Views
31 Oct 2026 49 Views
31 Oct 2026 41 Views