Share this post with:
00 आज कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की संभावना
00 भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
00 1 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से अति भारी वर्षा होने की संभावना
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में आए अर्बन तूफान का असर मंगलवार की देर रात से छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई देने लगा। मंगलवार की शाम से जहां तेज रफ्तार से हवाएं चल रही थी वहीं बुधवार की सुबह राजधानी सहित छत्तीसगढ़ के अन्य प्रमुख शहरों में मूसलाधार वर्षा शुरु हो गई। मौसम विभाग द्वारा लगातार अर्बन तूफान को लेकर दी जा रही चेतावनी के चलते राज्य शासन ने ऐतिहात के तौर पर सभी प्रबंध कर लिए थे। आपदा प्रबंधन को लेकर भी हाईपावर कमेटी की बैठक पहले ही हो चुकी थी, शासन ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित कर रखा था कि मौसम के चलते वे शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर सकते है। चक्रवाती तुफान के असर से बुधवार की दंतेवाड़ा जिले का आसमान लाल दिखाई दिया। कृषि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब 28 अक्टूबर को सुबह 2 बजे से 8 बजे के बीच आंध्रप्रदेश के तटीय क्षेत्रों को पार कर गया है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से अति भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के किसानों के लिए विशेष मौसम आधारित कृषि सलाह जारी की है। विभाग ने किसानों को सतर्क रहने तथा धान सहित अन्य खरीफ फसलों, उद्यानिकी फसलों और पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाने की सलाह दी है।
बुधवार की सुबह से ही राजधानी में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल चुका था, सुबह बदली के बाद बारिश ने अपना तेवर दिखाना शुरु कर दिया और दिन भर राजधानी पूरी तरह से भीग चुकी थी। स्कूल और कॉलेज बंद रहे तथा शिक्षामंत्री देवेंद्र यादव ने मौसम विभाग की चेतावनी के बाद दो दिन के लिए राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। बारिश की वजह से इसका असर शहर की यातायात व्यवस्था में भी दिखाई दिया। शहर के निचले हिस्सों में पानी भर गया था, शहर के अनेक मार्ग पानी से भरे हुए थे जिसके कारण यातायात पूरी तरह से सुस्त गति से चलते रहा जिसके कारण लोग जाम में घंटों तक फंसे रहे। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि देर रात में तेज गति से हवाएं और बारिश होने की संभावनाएं है। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, जगदलपुर, बिलासपुर, जशपुर के शहरों में कल रात से ही आंधी और वर्षा हो रही है जिसके कारण वहां का सामान्य जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।
29 अक्टूबर को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 अक्टूबर को प्रदेश के बस्तर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, कोरिया एवं कोरबा जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। इसी प्रकार मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़- बिलाईगढ़, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, खैरागढ़- छुईखदान- गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद एवं रायपुर जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
30 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच प्रदेश के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, मुंगेली, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़- बिलाईगढ़ एवं बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की संभावना जताई गई है।
धान की पकी फसलों की शीघ्र कटाई कर सुरक्षित स्थानों पर रखें
कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में वर्षा की संभावना को देखते हुए धान, मक्का एवं तिलहन सहित खरीफ फसलों की पकने की अवस्था में शीघ्र कटाई कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भंडारित करें। जिन किसानों ने फसलों की कटाई प्रारंभ कर दी है, वे कटी हुई फसलों को शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर रखें। खेतों में खड़ी फसलों की नियमित निगरानी करें तथा वर्षा के कारण खेतों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने दें। किसानों को खेतों में अतिरिक्त जल की निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा फसलों के गिरने से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में वर्षा की संभावना को देखते हुए किसान फिलहाल गेहूं, चना एवं मसूर जैसी रबी फसलों की बुआई स्थगित रखें। मौसम साफ होने के बाद नवंबर के प्रथम सप्ताह में रबी फसलों की बुआई प्रारंभ करने की सलाह दी गई है।
फसल की गुणवत्ता बनाए रखने सुरक्षित भंडारण पर विशेष जोर
कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों को उपज की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों से कहा गया है कि शीघ्र खराब होने वाली कृषि उपज को ढंककर रखें। अनाज का भंडारण साफ, हवादार एवं सुरक्षित स्थानों पर करें। भंडारण से पहले अनाज को उपयुक्त नमी स्तर तक सुखाना आवश्यक है। बीजों के भंडारण से पहले उनकी अंकुरण क्षमता एवं कीट प्रबंधन का ध्यान रखें। भंडारण स्थलों में छत, फर्श एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि बारिश के कारण उपज को नुकसान न पहुंचे। विभाग ने किसानों को मौसम साफ होने तक फसलों में किसी भी प्रकार के कीटनाशक एवं खरपतवारनाशक का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी है।
सब्जी एवं बागवानी फसलों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतें
चक्रवात के प्रभाव से संभावित तेज हवाओं एवं बारिश को देखते हुए सब्जी एवं बागवानी फसलों की सुरक्षा के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने सलाह दी है कि जिन सब्जियों एवं बागवानी फसलों की उपज पक चुकी है, उनकी शीघ्र तुड़ाई एवं कटाई कर बाजार भेजने की व्यवस्था करें। बागवानी फसलों में उर्वरकों का प्रयोग मौसम साफ होने के बाद ही करें। रबी मौसम की सब्जियों, विशेषकर फूलगोभी, ब्रोकोली, चुकंदर, पत्तागोभी एवं अन्य सब्जियों की बुआई तथा रोपाई नवंबर के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ करने की सलाह दी गई है।
चक्रवात के कारण तेज हवाओं एवं वर्षा से लता वाली सब्जियों, जैसे करेला और लौकी सहित अन्य कद्दूवर्गीय फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके लिए किसानों को सलाह दी जाती है कि ऐसे फसल को सहारा देने की व्यवस्था करने को कहा गया है। केले के पौधों में फूल एवं फल आने की अवस्था में उन्हें बांस से सहारा देने तथा वर्षा की संभावना को देखते हुए खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। विभाग ने सब्जियों एवं बागवानी फसलों में कीटों और बीमारियों के लक्षण दिखाई देने पर मौसम साफ होने के बाद उपयुक्त कीटनाशकों एवं फफूंदनाशकों का छिड़काव करने की सलाह दी है। साथ ही आलू की फसल में वर्षा के बाद झुलसा रोग तथा अन्य फसलों में रोगों के संभावित प्रकोप को देखते हुए नियमित निरीक्षण करने एवं आवश्यकता के अनुसार नियंत्रण के उपाय अपनाने को कहा गया है।
पशुधन को बारिश और तेज हवाओं से बचाने सुरक्षित स्थानों पर रखें
कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने पशुपालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में संभावित वर्षा एवं तेज हवाओं को देखते हुए पशुओं को सूखे और सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए। पशुओं को तेज हवाओं एवं वज्रपात की आशंका के दौरान पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से बचाया जाए। पशुओं के लिए स्वच्छ पेयजल तथा सूखे चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विभाग ने पशुपालकों को हरा चारा, सूखा चारा एवं पशु आहार सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है, ताकि वर्षा के कारण चारे की गुणवत्ता प्रभावित न हो। पशुओं में अचानक सुस्ती, भूख में कमी, दस्त अथवा सांस संबंधी परेशानी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही करें कृषि कार्य
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही कृषि कार्यों की योजना बनाएं। विभाग ने किसानों को मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी प्राप्त करते रहने, खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने, पकी फसलों की कटाई एवं भंडारण में सावधानी बरतने तथा तेज बारिश एवं वज्रपात की स्थिति में अनावश्यक रूप से खेतों में नहीं जाने की सलाह दी है। कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि समय पर आवश्यक सावधानियां अपनाकर किसान चक्रवात के संभावित प्रभावों से अपनी फसलों, कृषि उपज एवं पशुधन को होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम कर सकते हैं।
Share this post with:
28 Oct 2026 7 Views
28 Oct 2026 8 Views
28 Oct 2026 10 Views
28 Oct 2026 10 Views
28 Oct 2026 7 Views
28 Oct 2026 22 Views
27 Oct 2026 45 Views