CNIN News Network

अर्नब का कहर धान पर हुआ असर

29 Oct 2026   16 Views

अर्नब का कहर धान पर हुआ असर

Share this post with:

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में आये अर्नब तूफान ने जो तांडव मचाया उसका असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ा। छत्तीसगढ़ में अर्नब के कहर का सीधा असर लहरा रही धान की फसल पर हुआ है। धान का कटोरा कहे जाने वाले राज्य में एकाएक आए इस तूफान में धान की फसल चौपट हो गई। मंगलवार देर रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार की शाम तक जारी रही । राजधानी में राहत की बात यह रही कि आंधी के तेज हवाओं के झोंको पर दोपहर में ब्रेक लग गया।
पिछले दो दिनों से जिले के बलौदा बाजार, भाटापारा, सिमगा, कसडोल और पलारी समेत सभी विकासखंडों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम के इस बदले मिजाज ने सबसे ज्यादा चिंता किसानों की बढ़ा दी है। खेतों में खरीफ की धान फसल पककर तैयार है, लेकिन बारिश के चलते कहीं धान की फसल जमीन पर गिर गई है, तो कहीं खेतों में पानी भरने से कटाई प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में किसानों को दोहरी मार का डर सता रहा है। आखिर कैसे बेमौसम बारिश किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर सकती है। खेतों में धान की फसल पककर तैयार है और किसान कटाई की तैयारी में जुटे हुए हैं, लेकिन बारिश के चलते कई जगह पक चुकी धान की फसल जमीन पर गिर गई है। खेतों में नमी और जलभराव के कारण फसल की कटाई में देरी होने की आशंका भी बढ़ गई है।
सुकमा जिले में अर्नब का प्रभाव गुरुवार को भी बना रहा। मंगलवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण और अंदरूनी क्षेत्रों में भी रुक-रुककर बारिश होने की खबरें हैं। गुरुवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और तेज ठंडी हवाएं चलती रहीं। लगातार बारिश के कारण लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। मौसम में आए अचानक बदलाव से लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत भी महसूस होने लगी है।लगातार हो रही बारिश से सुकमा जिले के नदी-नालों में पानी का स्तर बढऩे लगा है। ऐसे में नदी किनारे बसे गांवों और अंदरूनी इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानियां बढऩे लगी है।मौसम विभाग ने चक्रवात अर्नब के प्रभाव को देखते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर सहित कई जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी।
रायपुर जिले के साथ ही राज्य के अन्य कवर्धा,दुर्ग बिलासपुर राजनांदगांव जिलों में भी अर्नब तूफान का असर हुआ है। फसल पर असर अवश्य हुआ है और इसका वास्तविक नुकसान आंकलन के बाद ही पता चल सकेगा।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web