CNIN News Network

अनियंत्रित ट्रेलर किराना दुकान में घुसा, 2 ग्रामीण घायल, ट्रेलर चालक गिरफ्तार

06 Aug 2026   6 Views

अनियंत्रित ट्रेलर किराना दुकान में घुसा, 2 ग्रामीण घायल, ट्रेलर चालक गिरफ्तार

Share this post with:


सुकमा। जिले के इंजराम में आज गुरूवार काे राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोंटा से सुकमा की ओर जा रहा ट्रेलर (सीजी 13-एएल- 5311) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक किराना दुकान में जा घुसा। इस हादसे में कट्टम लच्छा और कट्टम सरोजनी नामक दो ग्रामीण घायल हो गए। दोनों घायलों के पैरों में चोट आई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत उप स्वास्थ्य केंद्र इंजराम पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा ग्राम पंचायत इंजराम में संकुरी विश्वास के मकान और किराना दुकान में हुआ। हादसे के समय संकुरी विश्वास और उनके दोनों बेटे शुदीप विश्वास व शुशांत विश्वास घर पर मौजूद थे। ट्रेलर की टक्कर से मकान और दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दीवारों में भी दरारें आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज रफ्तार में था और चालक वाहन से संतुलन खो बैठा, जिससे ट्रेलर सीधे दुकान में घुस गया। कुछ स्थानीय लोगों ने चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, पुलिस या मेडिकल जांच में इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही पुलिस को घटना की सूचना दी गई । हादसे के समय ट्रेलर में चालक अकेला सवार था।
सूचना मिलते ही कोंटा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और वैधानिक प्रक्रिया के आधार पर चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13944/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web