CNIN News Network

अग्रसेन जयंती पर रहेगा शासकीय अवकाश,अग्र महाकुंभ 2026 के मंच से मुख्यमंत्री की घोषणा

19 Sep 2026   146 Views

अग्रसेन जयंती पर रहेगा शासकीय अवकाश,अग्र महाकुंभ 2026 के मंच से मुख्यमंत्री की घोषणा

Share this post with:

 

0-अग्रवाल समाज का प्रदेश एवं राष्ट्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान - मुख्यमंत्री साय

 

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर एवं सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में आयोजित  'अग्र महाकुंभ 2026—सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री अग्रसेन जयंती पर प्रदेश में शासकीय अवकाश की घोषणा की। अग्र महाकुंभ के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने की। कार्यक्रम के संरक्षक छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल रहे।

मुख्य अतिथि की आसंदी से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अग्रवाल समाज ने सदैव सेवा, सहयोग, समानता, सामाजिक समरसता और उद्यमिता के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रदेश एवं राष्ट्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। भगवान श्री अग्रसेन महाराज के महान सिद्धांत आज भी समाज को परस्पर सहयोग, मानवता और अंत्योदय की प्रेरणा प्रदान करते हैं। इन्हीं आदर्शों तथा अग्रवाल समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए अब प्रत्येक वर्ष अग्रसेन जयंती पर छत्तीसगढ़ में शासकीय अवकाश रहेगा।

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह पूरे अग्रवाल समाज के लिए ऐतिहासिक, गौरवपूर्ण एवं भावनात्मक क्षण है। अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश समाज की लंबे समय से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पूरा कर समाज का हृदय जीत लिया है।

श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर के अध्यक्ष संजय मित्तल एवं सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री का अग्र महाकुंभ में आगमन और अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा पूरे समाज के लिए अविस्मरणीय उपलब्धि है। इस निर्णय से छत्तीसगढ़ के अग्रवाल समाज में हर्ष और उत्साह है।

इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, विधायक संपत अग्रवाल एवं अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय महामंत्री संजय अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष नंदकिशोर 'नंदू अग्रवाल, सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के महामंत्री सुनील 'बॉबी अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष गोयल, कार्यक्रम संयोजक कन्हैयालाल अग्रवाल सहित छत्तीसगढ़ की 62 अग्रवाल सभा से आए हुए पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत किया।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web