CNIN News Network

अग्रवाल सभा के द्विवर्षीय कार्यकारिणी चुनाव सम्पन्न, लक्ष्मण लोहिया को सर्वाधिक मत

25 May 2026   2 Views

अग्रवाल सभा के द्विवर्षीय कार्यकारिणी चुनाव सम्पन्न, लक्ष्मण लोहिया को सर्वाधिक मत

Share this post with:

00 संरक्षक श्रेणी में हुआ मतदान
राजनांदगांव। अग्रवाल सभा के द्विवर्षीय कार्यकारिणी चुनाव 2026-2028 शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में सभा के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कार्यकारिणी गठन हेतु संरक्षक, आजीवन एवं साधारण — तीन श्रेणियों में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई, जिसमें प्रत्येक वर्ग से 05-05 सदस्यों का चयन किया जाना था।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आजीवन वर्ग एवं साधारण वर्ग में सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं संरक्षक श्रेणी में 05 पदों के लिए 06 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के कारण मतदान कराया गया। रविवार को अग्रसेन भवन में निर्वाचन अधिकारी उमाकांत भारद्वाज के मार्गदर्शन में मतदान संपन्न हुआ। कुल 28 मतदाताओं में से 27 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। संरक्षक श्रेणी से लक्ष्मण लोहिया, नरेंद्र गोयल, विकास अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल एवं शशांक अग्रवाल चुनाव मैदान में थे।
मतगणना उपरांत लक्ष्मण लोहिया ने कुल 27 मत में से सर्वाधिक 24 मत प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं विकास अग्रवाल को 21 मत, नरेंद्र गोयल को 20 मत प्राप्त हुए। जबकि रमेश अग्रवाल को मात्र 08 मत मिलने से वे चुनाव में पीछे रह गए। शेष प्रत्याशियों राजकुमार अग्रवाल एवं शशांक अग्रवाल को विजयी घोषित किया गया। आजीवन वर्ग से राजेश खोखरिया, बिसन अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, नीतीश अग्रवाल एवं दीपक अग्रवाल निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
इसी प्रकार साधारण श्रेणी से देवेंद्र अग्रवाल, पवन लोहिया, मनोज अग्रवाल, दीपक अग्रवाल एवं चंकी अग्रवाल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष शरद अग्रवाल, सचिव आलोक बिंदल एवं कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाज हित में सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
निर्वाचन अधिकारी उमाकांत भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि अब नव निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य अग्रवाल सभा के अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष का चयन करेंगे। इसके लिए आगामी रविवार 31 मई को अग्रसेन भवन में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13783/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web