Share this post with:
00 चिराग पासवान पहुंचे रायपुर, छग में जल्द होगी राज्य इकाई स्थापित
00 एसआईआर के दौरान जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, वे आम मतदाता नहीं थे
रायपुर। लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान रविवार को राजधानी रायपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, वे आम मतदाता नहीं थे। अगर कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर इतना ही संदेह है तो क्या राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के विधायक चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजनीति को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में लोक जनशक्ति पार्टी की राज्य इकाई जल्द स्थापित की जाएगी। इसके बाद संगठन में अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आने वाले चुनावों में पार्टी छत्तीसगढ़ में अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराएगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए पासवान ने चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि अगर देश के किसी भी मतदाता को चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर संदेह है तो आयोग की जिम्मेदारी है कि वह लोगों का विश्वास जीते। उन्होंने एसआईआर के दौरान नाम हटाए जाने को लेकर कहा कि जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, वे आम मतदाता नहीं थे। अगर बड़ी संख्या में आम मतदाताओं के नाम हटाए जाते तो इसका व्यापक असर दिखाई देता और बड़े स्तर पर आंदोलन की स्थिति बनती। कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने और चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग को लेकर भी चिराग पासवान ने निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि अगर कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर इतना ही संदेह है तो क्या वह हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के विधायकों का जिक्र करते हुए कहा कि क्या वे भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। चिराग ने कहा कि विपक्ष का काम अपनी आवाज उठाना है, लेकिन कई बार विपक्ष की आवाज कुछ दिनों के बाद ही खत्म हो जाती है। चिराग पासवान ने दावा किया कि एसआईआर का मुद्दा सामने आने के बाद कांग्रेस ने ईवीएम का मुद्दा उठाना बंद कर दिया है। उन्होंने विपक्ष की चुनावी आपत्तियों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठने वाले सवालों पर संस्थाओं और राजनीतिक दलों के बीच भरोसा होना जरूरी है।
छत्तीसगढ़ में लोजपा की राज्य इकाई बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन या समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि इसका फैसला राज्य की इकाई करेगी। छत्तीसगढ़ में पार्टी का संगठन मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। राज्य इकाई के गठन के बाद पार्टी के पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी, इसके जरिए प्रदेश में संगठन को विस्तार देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि युवा संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं से सीधे बातचीत करना और उनकी समस्याओं को समझना है। युवाओं की भूमिका राजनीति में महत्वपूर्ण है और पार्टी युवाओं से जुड़कर आगे बढऩा चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य में संगठन तैयार होने के बाद लोक जनशक्ति पार्टी आगामी चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगी। हालांकि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और चुनावी रणनीति क्या होगी, इस पर उन्होंने कोई स्पष्ट संख्या नहीं बताई। फिलहाल पार्टी का पहला लक्ष्य छत्तीसगढ़ में मजबूत संगठन तैयार करना बताया जा रहा है।
Share this post with:
04 Oct 2026 37 Views
04 Oct 2026 34 Views
04 Oct 2026 18 Views
04 Oct 2026 16 Views
04 Oct 2026 30 Views
03 Oct 2026 42 Views