CNIN News Network

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर कोरबा में 25 मिनट में रुकवाया गया विवाह

28 Nov 2026   23 Views

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर कोरबा में 25 मिनट में रुकवाया गया विवाह

Share this post with:

00 बाल आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका की तत्परता से चाइल्डलाइन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के दिन 27 नवंबर की रात कोरबा जिले के बालको अंतर्गत लालघाट क्षेत्र में एक घर में बाल विवाह कराए जाने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विवाह रुकवाया गया। इसकी शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के माध्यम से तथा स्थानीय पत्रकारों द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा को फोन पर दी गई थी। सूचना मिलते ही डॉ. शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद चाइल्डलाइन की सेक्टर सुपरवाइजर एवं पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए बाल विवाह को रुकवाया। शिकायत मिलने के महज 25 मिनट के भीतर टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी की।
इस संबंध में आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी भी बच्चे के साथ अनाचार और अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। आयोग के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते बच्चों को इस कुप्रथा से बचाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास विभाग तथा छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा बाल विवाह की रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि प्रदेश में कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने अथवा किसी बच्चे के संकट में होने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। समय पर दी गई सूचना से बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिल सकती है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web