CNIN News Network

अंतर जिला क्रिकेट में राजनांदगांव और प्लेट कंबाइंड की आसान जीत

14 Nov 2026   15 Views

अंतर जिला क्रिकेट में राजनांदगांव और प्लेट कंबाइंड की आसान जीत

Share this post with:

00 राजनांदगांव ने भिलाई को 9 विकेट और प्लेट कंबाइंड ने रायपुर को 6 विकेट से हराया
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा संचालित अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर-19 पुरुष वर्ग के एकदिवसीय मुकाबलों में जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव और प्लेट कंबाइंड छत्तीसगढ़ ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। राजनांदगांव ने भिलाई क्रिकेट एसोसिएशन को 9 विकेट से तथा प्लेट कंबाइंड छत्तीसगढ़ ने रायपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन को 6 विकेट से पराजित किया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव द्वारा आयोजित मुकाबला दिग्विजय स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रायपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन की टीम 39.3 ओवर में 152 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्लेट कंबाइंड छत्तीसगढ़ ने चार विकेट खोकर 153 रन बनाते हुए 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। प्लेट कंबाइंड के लेग स्पिनर तुलष्य प्रजापति ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 45 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।
इधर एनसीजी कांकेर मैदान में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भिलाई क्रिकेट एसोसिएशन की टीम 44.3 ओवर में 160 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भिलाई के सलामी बल्लेबाज यशराज सिंह और अथर्व जोशी ने तेज शुरुआत करते हुए चार ओवर में 32 रन जोड़े। यशराज ने 27 और अथर्व ने 25 रन बनाए। इसके बाद राजनांदगांव के पेसर चुम्मन निषाद और लेग स्पिनर गुलाम अशरफ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भिलाई के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया। दोनों ने अगले 19 ओवर में महज 53 रन देकर क्रमश: तीन और दो विकेट हासिल किए। भिलाई की ओर से निचले क्रम के बल्लेबाज अंश फूले ने 41 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। कप्तान एवं विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज श्रेयांश शांड़ेकर और ऋषि यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 28 ओवर में 148 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। राजनांदगांव ने एक विकेट खोकर 161 रन बनाते हुए 9 विकेट से मुकाबला जीतकर 6 महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। श्रेयांश शांड़ेकर ने 73 रन तथा ऋषि यादव ने नाबाद 64 रन बनाए।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web