CNIN News Network

अंग्रेजी में संवाद की झिझक होगी दूर, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे छत्तीसगढ़ के युवा

04 Nov 2026   12 Views

अंग्रेजी में संवाद की झिझक होगी दूर, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे छत्तीसगढ़ के युवा

Share this post with:

00 उच्च शिक्षा मंत्री वर्मा की विशेष पहल पर महाविद्यालयों में 90 दिन का अंग्रेजी सम्प्रेषण प्रशिक्षण शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जनजातीय, ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा में संवाद करने में सक्षम बनाने तथा उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश के महाविद्यालयों में आज से विशेष अंग्रेजी सम्प्रेषण प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की विशेष पहल पर शुरू किए गए इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों को 90 दिनों में 90 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अंग्रेजी में अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने के साथ ही उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का क्रियान्वयन उच्च शिक्षा संचालनालय एवं रूसा के आर.क्यू.आई.ए. सी.सी. के माध्यम से किया जा रहा है। महाविद्यालयों में प्रत्येक कार्यदिवस प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अंग्रेजी में बातचीत करने, अपने विचार स्पष्ट रूप से व्यक्त करने, साक्षात्कार में आत्मविश्वास के साथ उत्तर देने तथा दैनिक जीवन में अंग्रेजी भाषा के व्यावहारिक उपयोग का अभ्यास कराया जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय और ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें बेहतर अवसर, उचित मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए आत्मविश्वास प्रदान करने की है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी भाषा में संवाद करने की झिझक कई बार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के आगे बढऩे में बाधा बनती है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से विद्यार्थियों का संकोच दूर होगा और वे अपनी योग्यता एवं विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकेंगे।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक जीवन की चुनौतियों और रोजगार के अवसरों के लिए भी तैयार करना है। यह पहल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web