Share this post with:
00 भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर मंत्री केदार कश्यप ने दो नई बसों को दिखाई हरी झंडी
कांकेर। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत कांकेर जिले में ग्रामीण परिवहन सुविधा के विस्तार की दिशा में आज दो नए बस मार्गों पर सेवा शुरू हुई। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों के लिए तहसील, जनपद और अन्य प्रमुख केंद्रों तक पहुंचना आसान होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, हाट-बाजार और शासकीय कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।
जिले में इन दो नए मार्गों पर बस सेवा शुरू होने से पहले से संचालित 10 मार्गों के माध्यम से भी ग्रामीण क्षेत्रों को परिवहन सुविधा मिल रही है। इनमें चारामा-आमाबेड़ा, कोरर-डौंडी, कांकेर-अंतागढ़, कोयलीबेड़ा-आलपरस, कोरर-भानुप्रतापपुर, कोरर-कांकेर, दुधावा-धमतरी, गुर्दाटोला-भानुप्रतापपुर, कोरर-कांकेर के दूसरे मार्ग तथा भानुप्रतापपुर-कोदापाखा मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों पर बसों के संचालन से विभिन्न गांवों के लोगों को मुख्य मार्गों और प्रमुख केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पिछले वर्ष बस्तर में आयोजित मुरिया दरबार कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस सेवा की शुरुआत की गई थी। एक वर्ष के दौरान इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा का विस्तार हुआ है और 850 से अधिक गांव नियमित बस सेवा से जुड़ पाए हैं।
Share this post with:
24 Oct 2026 59 Views
23 Oct 2026 49 Views
23 Oct 2026 66 Views
23 Oct 2026 49 Views