CNIN News Network

23 वर्षीय विवाहिता के साथ सरोना शराब दुकान व आरडी तिवारी सरकारी स्कूल मैदान में गैंगरेप, तीन आरोपियों सहित एक नाबालिग गिरफ्तार

10 Aug 2026   6 Views

23 वर्षीय विवाहिता के साथ सरोना शराब दुकान व आरडी तिवारी सरकारी स्कूल मैदान में गैंगरेप, तीन आरोपियों सहित एक नाबालिग गिरफ्तार

Share this post with:


रायपुर। बिलासपुर के चकरभाठा में रहने वाली 23 वर्षीय विवाहिता के साथ तीन युवकों ने पहले सरोना शराब दुकान के पास नशे में धुत कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर आमापारा स्थित आरडी तिवारी सरकारी स्कूल के मैदान में ले गए और यहां भी आरोपियों ने महिला को शराब पिलाई और खाना खिलाने के बाद उसके साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामले में तीन आरोपियों शिवा, आयुष और दुर्गा के साथ एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया है। मामला डीडी नगर थाना और आजाद चौक थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। इस मामले में आजाद चौक थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को डीडी नगर पुलिस ने हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात बिलासपुर की रहने वाली 23 वर्षीय महिला सरोना शराब दुकान के पास एक वाहन शोरूम के नजदीक बैठी थी। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और बातचीत शुरू की। कुछ देर बाद तीनों ने वहीं शराब पीना शुरू कर दिया और महिला को भी जबरन शराब पिलाई। महिला के नशे में होने के बाद तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने महिला को यह कहकर बहलाया कि यह इलाका ठीक नहीं है और उसे खाना खिलाने के बहाने अपने साथ ले जाने लगे। महिला को बाइक पर बैठाकर आरोपी आमापारा स्थित आरडी तिवारी सरकारी स्कूल के मैदान में पहुंचे। यहां भी कथित तौर पर तीनों ने शराब पी और महिला को शराब पिलाई और उसके साथ दूसरी बार सामूहिक दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए। एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर हुई इस वारदात ने राजधानी पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रविवार सुबह स्कूल के चौकीदार की नजर मैदान में पड़ी इस महिला पर गई। महिला बेहोशी की हालत में पड़ी थी। तत्काल आजाद चौक थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले गई। होश में आने के बाद महिला ने पुलिस को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस ने सरोना से लेकर आमापारा तक के संभावित रास्तों और इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और देर शाम तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया। इनमें एक नाबालिग भी बताया गया है। पुलिस ने रायपुर निवासी शिवा, आयुष और दुर्गा के साथ एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। 
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि वह बिलासपुर के चकरभाठा इलाके की रहने वाली है। करीब तीन साल पहले वह घर से निकलकर महासमुंद के बागबाहरा निवासी एक युवक के साथ शादी कर ली थी। काम के सिलसिले में पति उसे ओडिशा लेकर गया था, लेकिन बाद में कटक में उसे छोड़कर फरार हो गया। करीब दो महीने पहले महिला रायपुर आई थी। यहां छेरीखेड़ी स्थित एक शादी हॉल में मजदूरी कर रही थी। काम खत्म होने के बाद उसे वहां से भी हटा दिया गया। इसके बाद वह रायपुर में लगातार काम की तलाश कर रही थी। आजाद चौक थाना पुलिस ने गैंगरेप की धाराओं में जीरो पर एफआईआर दर्ज की और मामले को आगे की जांच के लिए डीडी नगर थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। फिलहाल डीडी नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13944/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web