Share this post with:
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बस्तर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) आकाश छिकारा द्वारा जारी आदेश के तहत जिले के सात विकासखंडों की 17 ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस उप निर्वाचन के जरिए जिले में सरपंच के 2 और पंच के 15 रिक्त पदों को भरा जाना है, जिसके लिए 01 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्य आरंभ कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के प्रावधानों का पालन करते हुए निर्वाचन कार्य के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। जारी आदेश के अनुसार जगदलपुर, लोहण्डीगुड़ा, बस्तर, बकावण्ड और तोकापाल के अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को संबंधित जनपद पंचायतों के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) पदाभिहित किया गया है। वहीं जगदलपुर, लोहण्डीगुड़ा, बस्तर, बकावण्ड, तोकापाल, बास्तानार और दरभा के तहसीलदारों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। मतदाता सूची से जुड़े किसी भी प्रकार के दावों और आपत्तियों के अंतिम निराकरण हेतु अपर कलेक्टर जिला बस्तर जगदलपुर को अपीलीय अधिकारी (पंचायत) नियुक्त किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नियुक्त अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्देश पुस्तिका के अनुरूप पूर्णत: पारदर्शी, शुद्ध और त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची के भौतिक परीक्षण व सत्यापन से जुड़े समस्त कार्यों को समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने को कहा गया है।
Share this post with:
04 Oct 2026 30 Views
04 Oct 2026 19 Views
04 Oct 2026 17 Views
04 Oct 2026 30 Views
03 Oct 2026 42 Views