Share this post with:
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय ने राज्य की शासकीय शालाओं में सहायक शिक्षक (तृतीय श्रेणी, वेतन मैट्रिक्स लेवल-06) के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। राज्य स्तर पर लोक शिक्षण संचालनालय ने ई एवं टी संवर्ग मिलाकर कुल 2,292 सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती निकाली है। इनमें मैदानी क्षेत्रों के 12 जिलों में ई-संवर्ग के कुल 795 पद शामिल हैं। प्रमुख जिलों में दुर्ग (80), बिलासपुर (80), बलौदाबाजार (80), बेमेतरा (70) और रायपुर (70) शामिल हैं। इसके अलावा अन्य जिलों के लिए भी रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लिए टी-संवर्ग के अंतर्गत 16 जिलों में कुल 1,497 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें जशपुर (150), बस्तर (125), बीजापुर (105), कांकेर (100) और कोण्डागांव (100) में सबसे अधिक रिक्तियां घोषित की गई हैं। इन जिलों में नियुक्ति के लिए भी व्यापमं के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विज्ञापन जारी होने के साथ ही डीएलएड एवं टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों सहित शिक्षित बेरोजगार युवाओं में उत्साह का माहौल है।
सहायक शिक्षक पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 21 वर्ष तथा अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा की संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश, प्रवेश पत्र और अन्य जानकारी व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
Share this post with:
25 Jul 2026 18 Views
25 Jul 2026 31 Views
24 Jul 2026 16 Views
24 Jul 2026 17 Views
24 Jul 2026 64 Views