CNIN News Network

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में तैयारियां शुरू

12 Nov 2026   12 Views

 लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में तैयारियां शुरू

Share this post with:

 

naidunia_image

रायपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। खासतौर पर महिलाएं छठ पूजा की तैयारियों में जुट गई हैं। कोई पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री खरीद रहा है तो कोई साड़ी, चूडिय़ां, बिंदी, सिंदूर और अन्य शृंगार का सामान पसंद कर रहा है। उधर तालाबों व नदी के घाट पर आयोजन समिति व निगम प्रशासन की ओर से भी व्यवस्थागत तैयारियां की जा रही है।  

बाजार में महिलाओं की भीड़ नजर आने लगी है। छठ पर्व पर व्रत रखने वाली महिलाएं परंपरा के अनुसार सोलह शृंगार कर छठी मैया की पूजा-अर्चना करेंगी। इसके लिए कपड़ों और आभूषणों की दुकानों पर भी खरीदारी का सिलसिला तेज हो गया है।

छठ पर्व केवल पूजा और व्रत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ा आस्था का पर्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में प्रत्येक दिन का अपना विशेष महत्व होता है। नहाय-खाय से इसकी शुरुआत होती है।

इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा और नियम-संयम के साथ पूजा की तैयारियां करती हैं। बाजार में पूजा के लिए बांस की टोकरी, सूप, दौरा, नारियल, केला, गन्ना, मौसमी फल, ठेकुआ बनाने की सामग्री और मिट्टी के दीपक की मांग बढ़ रही है।

छठ पूजा में प्रसाद के रूप में ठेकुआ का विशेष महत्व होता है। इसे घर में शुद्धता और पारंपरिक विधि से तैयार किया जाता है। महिलाएं पूजा में चढ़ाए जाने वाले फल और अन्य सामग्री की सूची बनाकर खरीदारी कर रही हैं, ताकि पर्व के दौरान किसी चीज की कमी न रहे।

छठ पर्व पर पारंपरिक परिधान और सोलह शृंगार का विशेष महत्व है। महिलाएं इस अवसर पर लाल, पीली, हरी और अन्य शुभ रंगों की साडिय़ां खरीद रही हैं। इसके साथ ही चूडिय़ां, बिछिया, सिंदूर, बिंदी, मंगलसूत्र, काजल और मेहंदी जैसी शृंगार सामग्री की भी खरीदारी की जा रही है। 

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web