Share this post with:
सूरजपुर। चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के उमझर घाट के पास बारात के बाद चौथी समारोह से लौट रहे 30 से लोगों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहारपुर गांव के पंडो परिवार के लगभग 30 लोग पिकअप वाहन (एमपी 66 जी 0850) में सवार होकर रसौकी गांव में चौथी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात लौटते समय उमझर घाटी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद पिकअप पलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में सीता कुंवर पंडो और रामशरण पंडो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल बसंती पंडो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल करीब एक दर्जन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर घायलों का इलाज अंबिकापुर और जिला अस्पताल सूरजपुर में चल रहा है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना स्थल पर कच्ची सड़क और हालिया बारिश के कारण कीचड़ था। इसी वजह से वाहन फिसलकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें, क्योंकि नियमों की अनदेखी ऐसे हादसों का बड़ा कारण बनती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Share this post with:
07 Nov 2026 38 Views
05 Nov 2026 38 Views
04 Nov 2026 49 Views
03 Nov 2026 91 Views