Share this post with:
00 लखपति दीदियों के हौसले की उड़ान देख गदगद हुए मुख्यमंत्री साय, सबको और मेहनतकर अब करोड़पति बनने की राह पर चलने कहा
00 मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री का मिला आशीर्वाद और प्रोत्साहन
00 बैगा बाहुल्य कमारखोल में आम पेड़ नीचे लगाई मुख्यमंत्री ने चौपाल
00 ग्रामीणों की माँग पर सामुदायिक भवन , कमारखोल में रामख़िलावन के घर से देवसरा तक छह किलोमीटर मिट्टी मुरुम सड़क, मुक्तिधाम शेड और महतारी सदन की घोषणा
रायपुर। मई की तपती गर्मी में आज लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दूरस्थ गांवों के औचक दौरे पर रहे। कबीरधाम जि़ले के पंडरिया स्थित लोखान पंचायत में आज मुख्यमंत्री का आगमन हुआ। इस अवसर पर वे बैगा बाहुल्य कमराखोल में पीएम जनमन योजना के तहत हुए कार्यों का निरीक्षण किए और वहीं पास में आम के पेड़ों के नीचे अपनी चौपाल लगा लिए। अपने बीच मुख्यमंत्री को देख ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। बीरनमाला, कमल के फूल से मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन करते हुए ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
इस दौरान महतारी शक्ति को सामने बैठा देख मुख्यमंत्री ने पूछ लिया कितनी महतारी यहाँ लखपति हो गई हैं ? एक साथ अनेक हाथ हवा में उठ गए। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते सबको करोड़पति बनने की दिशा में आगे बढऩे कहा। उन्होंने बारी- बारी से लखपति दीदियों से बातचीत की। यहाँ जंगल से बीन कर लाए महुआ और चार को मुख्यमंत्री श्री साय को उपहार के रूप में देते हुए कुकदूर की लखपति दीदी श्रीमती कचरा तेलगाम ने मुख्यमंत्री से कहा कि महुआ का पौष्टिक लड्डू बनाकर खाइएगा , वरना मैं बना कर दूँगी। मुख्यमंत्री भी उनकी आत्मीयता देख भाव विभोर होकर मुस्कुराते हुए बोले कि घर जाकर बनवाकर खाऊँगा। श्रीमती कचरा तेलगाम दीदी आस पास के गांवों में बन रहे प्रधानमंत्री आवासों में सेंट्रिग प्लेट लगाती हैं और इससे उन्हें एक साल में 80 हज़ार की आय हुई है। उन्होंने कहा कि आज चौपाल लगा देख वे साहस वहाँ पहुँची और मुख्यमंत्री के लिए भेंट स्वरूप जंगल से बीने महुआ और चार दी हैं।

वहीं डीलर दीदी श्रीमती रजमत बाई धुर्वे ने बताया कि वे प्रधानमंत्री आवासों के लिए मटेरियल सप्लाई का काम करती हैं। उन्हें सालाना 2.50 - 3 लाख का मुनाफा हुआ है। लखपति पशु सखी श्रीमती शिवरानी पटेल का कहना है कि समूह से जुड़ सीआईएफ से उन्होंने व्यवसाय के लिए ऋण लिया और अपने खेत में सब्जी- भाजी लगायी। उन्हें सालाना डेढ़ लाख की आय हो रही। इस बिहान योजना से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए धन्यवाद स्वरूप उन्होंने अपने खेत की सब्जियां टोकरी में मुख्यमंत्री को भेंट की। मुख्यमंत्री ने भी सभी दीदियों से बात कर प्रोत्साहित किया कि इसी तरह मन लगाकर काम करिए और आर्थिक रूप से सशक्त होइए। ज्ञात हो कि लोखन पंचायत में 58 लखपति दीदियां हैं जो विभिन्न व्यवसाय से जुड़ आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
चौपाल में हुआ नामकरण
आज अपने नौनिहाल बच्चे के साथ श्रीमती ऋषि बघेल भी चौपाल पहुँची। यहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री से एक ही गुहार लगायी कि उनके बच्चे का नामकरण कर दें मुख्यमंत्री। बच्चे को गोद में लेकर दुलारते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने पूछा कि कब हुआ है इसका जन्म ? तब माँ ने बताया कि रविवार के दिन। मुख्यमंत्री ने बच्चे को स्नेह से देखते हुए नाम रविशंकर बघेल रखा और आशीर्वाद स्वरूप 500 रुपए भी दिए। पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने भी बच्चे को 500 रुपए अपनी ओर से आशीर्वाद स्वरूप दिया।मुख्यमंत्री के द्वारा नवजात का नाम रखते ही चौपाल में तालियाँ गूंज उठी।

चौपाल में पहुंचे मेधावी विधार्थी
आज कबीरधाम के पंडरिया के लोखान पंचायत के आश्रित ग्राम कमराखोल में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की चौपाल को देख वहाँ से गुज़र रहे राजेंद्र मसराम और उनके पिता भी रुक गए। इस दौरान बातचीत में पता चला कि छिरहा के रहने वाले इस मेधावी बच्चे ने इस साल हाई स्कूल में 94.5 प्रतिशत अंक के साथ जि़ले में नौवाँ स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें ख़ुश होकर पेन दिया और पूछा बड़ा होकर क्या बनना चाहते हैं? इस पर उन्होंने बड़ा होकर आईएएस बनने के सपने को साझा किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें खूब सारी शुभकामनाएँ दी ताकि वो अपना सपना पूरा कर सकें। यहाँ कमराखोल के बैगा बस्ती की कक्षा नवमी की बालिका भी चौपाल में मुख्यमंत्री से मिली और बताया कि आज पीएम जनमन से बने उनके आवास में मुख्यमंत्री पहुंचे थे। वहाँ मुख्यमंत्री से बात नहीं हो पायी इस लिए वे चौपाल में पहुँचीं। इस साल यह बच्ची हेम कुमारी 75 प्रतिशत अंक कक्षा नौवी में लायी। एचसीएम ने आगे भी मन लगाकर पढऩे की सलाह और बधाई देते हुए पेन दिया।

घोषणाएँ बैगा बाहुल्य ग्राम कमराखोल में
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज चौपाल लगाकर शासकीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और प्रसन्न दिखे कि दूरस्थ अंचल तक हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर कमरखोल में मिशन तालाब गहरीकरण (ट्यूबवेल के साथ), रामखिलावन के घर से ग्राम देवसरा तक मिट्टी मुरुम सड़क (6 किलोमीटर लगभग) , सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम शेड निर्माण तथा महतारी सदन ( स्व सहायता समूह की महिलाओं की माँग पर ) की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव श्री रजत बंसल, कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह , सीओ जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल और ग्रामीण चौपाल में उपस्थित रहे।
Share this post with:
12 May 2026 13 Views
12 May 2026 40 Views
12 May 2026 13 Views
12 May 2026 9 Views
11 May 2026 25 Views